टीचर भर्ती घोटाले में दोषी पाए जाने पर 10 साल जेल की सजा काट रहे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला ने उच्च माध्यमिक शिक्षा परीक्षा (12वीं) प्रथम श्रेणी में पास कर ली है। 82 वर्षीय चौटाला स्नातक की पढ़ाई करने की भी तैयारी कर रहे हैं। दिल्ली के तिहाड़ जेल में सजा काट रहे चौटाला ने नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ ओपेन लर्निंग (एनआईओएस) से पढ़ाई की। ओम प्रकाश चौटाला के छोटे बेटे और हरियाणा में नेता विपक्ष अभय सिंह चौटाला ने इस खबर की पुष्टि की।
10 साल की हुई थी सज़ा
ओम प्रकाश चौटाला और उनके बेटे अजय चौटाला को साल 2013 में ट्रायल कोर्ट ने साल 2000 में हरियाणा में हुई 3206 जूनियर बेसिक ट्रेन्ड टीचर भर्ती में घोटाले का दोषी पाया था। सुप्रीम कोर्ट ने भी निचली अदालत के फैसले को सही पाते हुए उनकी सजा को बरकरार रखा था। टीचर भर्ती घोटाले में ओम प्रकाश चौटाला और अभय चौटाला के अलावा 53 अन्य लोगों को भी अदालत ने दोषी पाया था।
जेल में भी जज्बा बरकरार
ओमप्रकाश चौटाला और उनके बेटे अजय को 16 जनवरी 2013 को जेबीटी शिक्षक भर्ती मामले में 10 साल कैद की सजा सुनाई गई थी। पिछले दिनों जमानत पर बाहर आए चौटाला ने बताया कि तिहाड़ में उनकी सुबह अखबार की खबरों पर चर्चा के साथ शुरू होती है। इसके बाद पढ़ाई-लिखाई और टीवी देखना रूटीन में शामिल है। पूर्व मुख्यमंत्री के पोते दिग्विजय सिंह ने बताया कि दादा ने स्नातक की किताबें भी मंगवा ली हैं।
चुनाव के लिए कर रहे हैं पढ़ाई!
हरियाणा में पंचायती चुनाव के लिए शैक्षणिक योग्यता तय की हुई है। मामना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव में भी यह नियम लागू हो सकता है। कहा जा रहा है कि इसे देखते हुए चुनाव लड़ने के लिए चौटाला जेल में पढ़ाई कर रहे हैं।
पूरा परिवार राजनीति में
देवीलाल के बेटे ओमप्रकाश 5 बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उनके बेटे अजय चौटाला और अभय चौटाला हैं। ओम प्रकाश के पोते दुष्यंत चौटाला सांसद हैं। दुष्यंत की मां नैना चौटाला विधायक हैं।