कांग्रेस उप्र में अपने दम पर लड़ेगी चुनाव: राहुल

0

दिल्ली
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज यहां कहा कि उनकी पार्टी वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी और केवल राज्य के लोगों के साथ गठबंधन करेगी।

राहुल ने आज यहां पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने संबोधन में कहा ‘‘हम विधानसभा में पूर्ण बहुमत हासिल करने और अपना मुख्यमंत्री बनाने के लिए चुनाव लड़ेंगे। आपको पता होना चाहिए कि राज्य में बीते 27 साल में क्या हुआ जब विभिन्न दलों ने केवल राज्य को विभाजित कराया।’’ एक कार्यकर्ता ने उनसे यह आश्वासन चाहा कि पार्टी चुनाव से पहले किसी दल से गठबंधन नहीं करेगी क्योंकि इससे अतीत में केवल नुकसान ही हुआ है। इस पर राहुल ने कहा ‘‘हम केवल कांग्रेस कार्यकर्ताओं और राज्य के नागरिकों के साथ ही गठबंधन करेंगे।’’ उन्होंने कहा ‘‘यह विचारों की लड़ाई है। हमें उत्तर प्रदेश को उसके उचित स्थान पर ले जाने में मदद करनी है। कांग्रेस सबको साथ ले कर चलती है वहीं अन्य दल उन्हें विभाजित करते हैं।’’ राहुल ने यह भी कहा कि लोगों के मन में एक दूसरे के प्रति भरी नाराजगी को दूर करने के उद्देश्य से कांग्रेस उत्तर प्रदेश के चुनावों के लिए अपनी रणनीति बनाएगी।

इसे भी पढ़िए :  पूर्व सैनिक ग्रेवाल के बेटे का आरोप, पुलिस ने लात घूंसों से पीटा

उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य के चुनावों में टिकट वितरण में महिलाओं और युवकों को प्राथमिकता देगी।