शिवसेना ने मोदी सरकार पर कसा तंज, कहा- अच्छे दिन सिर्फ विज्ञापनों में

0
शिवसेना
फाइल फोटो

शिवसेना सुप्रीमो उद्धव ठाकरे ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। पार्टी के मुखपत्र सामना को दिए साक्षात्कार में उद्धव ने बीजेपी के अच्छे दिन के वादे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अच्छे दिन सिर्फ सरकारी विज्ञापनों में ही दिखाई दे रहे हैं, बाकी सिर्फ आनंद ही आनंद है।

इसके साथ ही उद्धव ठाकरे ने जीएसटी लागू करने के तरीके की भी तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि जिस तरह से चीजें हो रही हैं वो सब गड़बड़ है। इसे देखते हुए शांत रहना मुश्किल है। उद्धव ने कहा फिलहाल समझदारी इसी में है कि जो हो रहा है उसे शांति से देखते रहो। लेकिन शिवसेना प्रमुख की विरासत चलानी हो तो शांत रहना हमारे खून में नहीं है। जो कुछ हो रहा है उसे सिर्फ देखते रहना भी हमसे नहीं होगा। इसलिए जहां-जहां जो चीज हमें ठीक नहीं लगती वहां-वहां हम अपने विचार मजबूती से रख रहे हैं।

इसे भी पढ़िए :  राष्ट्रपति भवन के बाद अब ये होगा प्रणब मुखर्जी का नया निवास

ठाकरे ने जीएसटी के बहाने ही मोदी सरकार पर सत्ता के केंद्रीयकरण का आरोप लगाया। उद्धव ने कहा कि विरोध करने के पीछे एक ही उद्देश्य है कि हमारे यहां सबका केंद्रीयकरण करना है या विकेंद्रीयकरण करना है? अगर जिसकी लाठी उसकी भैंस ही राज करने का तरीका है तो राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे तब उन्होंने पंचायती राज को निचले स्तर तक पहुंचाया था। आज मोदी प्रधानमंत्री हैं और उस स्वायत्तता को खत्म कर सब कुछ केंद्र के हाथ में रखने का काम शुरू है।

इसे भी पढ़िए :  आज 14वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे रामनाथ कोविंद

जीएसटी के साथ नोटबंदी पर भी उद्धव ठाकरे ने मोदी सरकार को निशाने पर ले लिया। सामना को दिए इंटरव्यू में उद्धव ठाकरे ने कहा कि चार महीने में 15 लाख लोग बेरोजगार हो गए। नौकरियां छूट गईं, जिन 15 लाख लोगों ने नौकरी गंवाई उनकी दाल-रोटी की व्यवस्था है क्या?

इसे भी पढ़िए :  पढ़िए क्या हुआ...जब हवाई जहाज में बैठे यात्री ने PM मोदी को ट्विटर पर दी प्लेन हाईजैक की खबर

तमाम मुद्दों पर सरकार की आलोचना के बीच उद्धव ने साफ किया कि इन बातों के लिए उन्हें सरकार विरोधी नहीं समझा जाना चाहिए। मुझे एक बात साफ करनी है कि जब मैं या शिवसेना कुछ बोलती है तो उस समय हमें सरकार विरोधी समझा जाता है। मैं सरकार विरोधी नहीं हूं। मैं जनता के साथ हूं।

Source: Aaj Tak