भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर पलटवार किया है। शाह ने कहा, ‘कुछ पार्टियों ने भारत द्वारा पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाए गए थे। मैं ऐसे प्रयासों की निंदा करता हूं। जिन्होंने भी ऐसे प्रयास किए हैं, उन्होंने सेना का अपमान किया, शहीदों का अपमान किया है। सेना की वीरता पर सवाल उठाए हैं। इसकी शुरुआत आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने की थी। केजरीवाल ने सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे थे। मैं बताना चाहता हूं कि केजरीवाल गुरुवार को पाकिस्तान में ट्रेंड करने लगे थे। अब इससे पता लगता है कि केजरीवाल किसे फायदा पहुंचा रहे हैं।’
इसके साथ ही अमित शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने जब जवानों के खून की दलाली का इस्तेमाल किया तो सभी सीमाओं का उल्लंघन कर दिया। यह देश की सेना का देश की सवा करोड़ लोगों का अपमान है। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि कोयले से लेकर टूजी तक किसने दलाली की। आपके जेहन में तो दलाली कहीं ना कहीं है। आतंक के खिलाफ जब पूरा देश एकजुट होकर लड़ने का मूड बना रहा है। तभी आपका एक बयान सेना के मनोबल को कमजोर कर देता है।’
बता दें, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार (6 अक्टूबर) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जवानों की शहादत का राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास करने का आरोप लगाया था। गांधी ने कहा था, ‘जो हमारे जवान हैं जिन्होंने अपना खून दिया है, जम्मू और कश्मीर में खून दिया है, जिन्होंने हिन्दुस्तान के लिए सर्जिकल स्ट्राइक किये हैं, उनके खून के पीछे आप (मोदी) छिपे हैं। उनकी आप दलाली कर रहे हो। ये बिल्कुल गलत है।’
अगले पेज पर वीडियो में देखिए- शाह की प्रेस कॉंफ़्रेंस