पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को डराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल उनकी इस रणनीति से भयभीत नहीं है। उन्होंने भाजपा नेताओं पर दोहरा रवैया अपनाने का भी आरोप लगाया। वे उत्तर बंगाल के बीरपाड़ा में एक जनसभा में बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि भाजपा गुजरात को तो संभाल नहीं सकती, लेकिन उनकी निगाहें बंगाल पर हैं। यहां वह क्या करेंगे।
कोलकाता में ममता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र की एक झुग्गी में बुधवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की यात्रा का उल्लेख करते हुए ममता ने कहा, ‘वे दिल्ली से आते हैं और झूठ फैलाते हैं। वे (बंगाल पर कब्जा करने की) जल्दबाजी में हैं। वे तृणमूल कांग्रेस नेताओं के खिलाफ सीबीआई को लगाने की हमें धमकी दे रहे हैं। वे गुजरात को संभाल नहीं सकते हैं, लेकिन बंगाल पर नजर गड़ाए हैं।’ उन्होंने कहा, ‘साल 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने कालाधन लाने का वादा किया था, लेकिन कुछ भी नहीं हुआ है। चुनाव के समय बड़ी-बड़ी बातें करना आसान है।’
ममता ने यहां एक जनसभा में कहा, ‘वे (भाजपा) तृणमूल कांग्रेस से डरे हुए हैं। इसलिए वे हमें धमकाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन तृणमूल कांग्रेस को धमकाया नहीं जा सकता। हम अपना सिर ऊंचा रखते हैं। जो लोग मुझे चुनौती देते हैं, मैं उनकी चुनौती स्वीकार करती हूं। हम दिल्ली पर कब्जा करेंगे।’
इस दौरान ममता ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर भी निशाना साधा। कहा कि दिन में गरीब के घर खाना खाते हैं और रात में पांच सितारा होटल में रहते हैं। ऐसा दोहरा मापदंड क्यों? ममता ने वाममोर्चा पर भी निशाना साधा। कहा कि वाम व राम के लोग एक हो गए हैं।