कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार को अमेरिका के लिए रवाना होंगे। वहां उनकी मां और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का इलाज चल रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने गुरुवार को एक बयान जारी कर कहा, ‘कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी स्वास्थ्य जांच के लिए विदेश में हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी आज अमेरिका के लिए रवाना होंगे। वह कांग्रेस अध्यक्ष के साथ रहेंगे और उनके साथ वापस आएंगे।’
सोनिया गांधी पिछले काफी समय से बीमार चल रही हैं। इसी वजह से उन्होंने हाल ही में हुए यूपी समेत 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव में प्रचार नहीं किया। राहुल का यह विदेश दौरा ऐसे वक्त में हो रहा है जब यूपी और उत्तराखंड में कांग्रेस की करारी शिकस्त के बाद पार्टी में बदलाव की मांग उठने लगी हैं। कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने कांग्रेस नेतृत्व में बदलाव की जरूरत जताई है तो प्रिया दत्त ने भी ट्वीट कर नेतृत्व में बदलाव की मांग की है। उन्होंने ट्वीट किया कि कांग्रेस ही कांग्रेस को खत्म कर रही है। इसे फिर से स्वस्थ बनाने के लिए काम करना चाहिए।