नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने गुरुवार(18 अगस्त) को कश्मीर मामले को लेकर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस नेता कश्मीर मुद्दे को राजनीतिक फायदे की नजर से देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एक बार फिर इस मामले में अपना संवेदनहीन चेहरा दिखाया है।
नायडू ने कहा कि कांग्रेस की ओर से जो भी बयान दिए जा रहे हैं और उनमें जो भी मतभेद है, वह कश्मीर मुद्दे पर कांग्रेस राजनीतिक रंग को दिखाता है। पाकिस्तान और कश्मीर को लेकर कांग्रेस का रुख जो कायम है वह उसकी अस्पष्टता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पाकिस्तान के हक को बहाल करने की कोशिश क्यों कर रही है? मैं उनसे संवेदनशील और वास्तविक रहने और उसी हिसाब से बोलने और काम करने की अपील करता हूं। बयानों से साफ झलकता कि कांग्रेस के नेता देश हित के बजाय राजनीतिक फायदा देख रहे हैं और उसी दिशा में काम कर रहे हैं।
नायडू ने कहा कि कांग्रेस हर बार पाकिस्तान की तरफदारी क्यों करने लगती है? मैं अपील करता हूं कि वे मामले की गंभीरता, संवेदनशीलता और वास्तविकता को ध्यान में रखें और उसी के मुताबिक बयान दें।
वेंकैया नायडू द्वारा कांग्रेस पर निशाना साधने पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा कि उनके(नायडू) बयान अनुचित, गैरजिम्मेदाराना और दुर्भाग्यशाली हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में रही हो या बाहर, आतंकी के खिलाफ लड़ाई के विषय में उसका पक्ष हमेशा स्पष्ट रहा है।
शर्मा ने कहा कि कश्मीर के इतने संवेदनशील मुद्दे पर सरकार देश को बांटने की कोशिश क्यों कर रही है। उन्होंने कहा कि मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि हम कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग मानते हैं। असल मुद्दा पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर का है।