जैन मुनि तरुण सागर महाराज ने अपने खिलाफ विवादित टिप्पणी करने वाले सिंगर विशाल डडलानी को लेकर सोमवार को बयान दिया। तरुण सागर ने कहा कि हो सकता है कि विशाल डडलानी जैन मुनि, जैन धर्म और उनकी मान्याताओं के बारे में नहीं जानते हों। उन्होंने आगे कहा कि अगर वो इन चीजों के बारे में जानते होते तो शायद इस तरह की टिप्पणी नहीं करते। बता दें कि विजय डडलानी ने जैन मुनि को लेकर विवादित टिप्पणी की थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना हुई थी। यहीं नहीं उनके खिलाफ जैन सुमदाय के लोगों ने पुलिस में शिकायत भी की है।
जैन मुनि तरुण सागर ने ANI से कहा कि वह (विशाल डडलानी) सिर्फ इतना जानते हैं कि दिगंबर साधु नग्न रहते हैं। उन्हें भारतीय संस्कृति के बारे में नहीं पता है। अगर पता होता तो वह इस तरह की टिप्पणी नहीं करते। माफी के सवाल पर जैन मुनि ने कहा, ‘माफी को कोई सवाल ही नहीं है, जब मैं उनसे गुस्सा नहीं हूं। लेकिन समुदाय के लोग जो मेरा सम्मान करते हैं उन्हें कृष्ट हुआ है और वह विरोध कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी में गलत के खिलाफ आवाज उठाने का साहस होना चाहिए। जैन मुनि ने बताया कि 8 महीने पहले वह दिल्ली विधानसभा को संबोधित करने आए थे, लेकिन अंतिम समय में प्रोग्राम रद्द हो गया था। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और स्पीकर राम निवास गोयल ने मुझे बुलाया था।
गौरतलब है कि तरुण सागर महाराज ने 26 अगस्त को हरियाणा विधानसभा में स्पीच दी थी, जिसको लेकर विशाल डडलानी ने ट्वीट किया था। उन्होंने अपने ट्वीट में जैन मुनि की फोटो लगाकर लिखा- ”यदि आपने इन लोगों को वोट दिया तो आप इस बेहूदा बकवास के लिए जिम्मेदार हैं। अच्छे दिन नहीं केवल नो कच्छे दिन।” विशाल डडलानी के इस ट्वीट को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना की गई। डडलानी के ट्वीट पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी आपत्ति जताई थी। बाद में गलती मानते हुए विशाल डडलानी ने अपनी सफाई में लिखा, ”जिन भी लोगों की भावनाओं को मैंने ठेस पहुंचाई है उन सब से माफी मांगता हूं। लेकिन भारत के लिए राजनीति से धर्म को बाहर रहने दीजिए।” आगे उन्होंने लिखा, ”मुझे बुरा लग रहा है कि मैंने मेरे जैन दोस्तों और मेरे दोस्त अरविंद केजरीवाल व सत्येंद्र जैन को बुरा महसूस कराया। इसलिए मैं सभी सक्रिय राजनीतिक कार्य छोड़ता हूं।”