केंद्रीय मंत्री वीके सिंह की पत्नी भारती सिंह को एक शख्स ब्लैकमेल कर रहा है। भारती सिंह ने आरोप लगाया है कि, एक शख्स उनको निजी बातचीत सार्वजनिक करने की धमकी दे रहा है। सिंह के मुताबिक आरोपी का कहना है कि अगर उसकी डिमांड नहीं मानी गई तो वह बातचीत को सोशल मीडिया पर पब्लिक कर देगा। केंद्रीय मंत्री का परिवार दिल्ली के तुगलक रोड इलाके में रहता है।
एनडीटीवी के मुताबिक केंद्रीय मंत्री और इंडियन आर्मी के पूर्व चीफ वीके सिंह की पत्नी ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि प्रदीप चौहान नाम का शख्स निजी बातचीत को सार्वजनिक करने की धमकी दे रहा है। आरोपी ने बातचीत को सार्वजनिक न करने के एवज में 2 करोड़ की मांग की है। आरोपी उनके परिवारवालों से परिचित है। सिंह ने पुलिस को बताया कि चौहान नाम के उस शख्स के पास लाइसेंसी रिवॉल्वर है और उसने परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी है।
भारती सिंह ने एफआईआर में बताया कि चौहान उनके डॉक्टरड ऑडियो (छेड़छाड़ किए गए ऑडियो) और वीडियो रिकॉर्डिंग को पब्लिक करने की धमकी दी है। क्लिप में क्या है इस बात की जानकारी उन्हें नहीं है। लेकिन चौहान ने फोन करके कहा है कि वह उनके पति (वीके सिंह) की प्रतिष्ठा को बर्बाद कर देगा। हाई प्रोफाइल मामला होने के कारण पुलिस इस मामले की सावधानी से जांच कर रही है। जनरल वीके सिंह 2012 में आर्मी चीफ के पद से रिटायर हुए थे और उसके बाद उन्होंने बीजेपी ज्वाइन की थी। वर्तमान में वीके सिंह केद्रीय विदेश राज्यमंत्री है।