नई दिल्ली। रियो ओलिंपिक में शानदार खेल का प्रदर्शन करने वाले चार एथलीटों पीवी सिंधु (बैडमिंटन), दीपा कर्मकार(जिमनास्टिक्स), साक्षी मलिक(कुश्ती) और जीतू राय(शूटिंग) को 2016 के राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से नवाजा जाएगा। सोमवार को सरकार ने इसकी घोषणा की।
पीवी सिंधु ने बैडमिंटन में सिल्वर मेडल हासिल किया है। यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह पहली भारतीय महिला हैं।
इसी तरह साक्षी मलिक ने 58 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती में कांस्य पदक जीता। यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान हैं साक्षी।
दीपा कर्मकार ने जिमनास्टिक की सबसे कठिन प्रॉडुनोवा स्पर्द्धा में चौथा स्थान हासिल किया। दीपा चंद अंकों के अंतर से कांस्य हासिल करने में चूक गईं लेकिन उन्होंने अपने खेल से लोगों का दिल जीता। जीतू राय ने शूटिंग में बेहतरीन प्रदर्शन किया।
द्रोणाचार्य पुरस्कार
इसके अलावा कोचिंग के लिए दिए जाने वाले द्रोणाचार्य अवार्ड में जिमनास्टिक्स में दीपा कर्मकार के कोच बिश्वेश्वर (बीएस) नंदी को इस पुरस्कार से नवाजा जाएगा। क्रिकेटर विराट कोहली के कोच राजकुमार शर्मा को द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया जाएगा। महाबीर सिंह को कुश्ती (लाइफटाइम) के लिए द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया जाएगा।