मुंबई। बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान ने इंडस्ट्री में 24 साल पूरे कर लिए हैं। 25 जून 1992 में यानी 24 साल पहले शाहरुख ने ऋषि कपूर और दिव्या भारती की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘दीवाना’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था।
शाहरुख ने ट्वीट कर फैंस को शुक्रिया कहा और बताया कि कैसे इन 24 सालों में उनको 24 काल्पनिक महिलाओं ने प्रेरणा दी। जीवन के इन सालों में उन्होंने कई नए पाठ सीखे।
शाहरुख की शुरुआत बहुत ही शानदार रही थी साल 1992 में सबसे ज्यादा कमाई करने के मामले में ‘दीवाना’ दूसरे नंबर पर रही थी। इस फिल्म के बाद शाहरुख ने कई सुपरहिट फिल्में दी। ‘डर’ और ‘बाजीगर’ में नेगेटिव किरदार करने के बाद भी शाहरुख की फैन फॉलोइंग में कमी नहीं आई। इस फिल्म ने अभिनेता को एक अलग पहचान दिलाई।
शाहरुख को दीवाना अभिनेता धर्मेंद्र के रिफरेंस पर मिली थी। धरम जी के कहने पर ही निर्माता गुड्डू उधनोआ ने शाहरुख को सपोर्टिंग रोल दिया था। किंग खान का जलवा बॉक्स-ऑफिस चल गया और फिल्म ने 17 करोड़ की रिकॉर्ड कमाई की। फिल्म ही नहीं इसके गीत भी काफी पसंद किए गए। साल 1992 में दीवाना का म्यूजिक एल्बम सबसे ज्यादा बिकने वाला एल्बम रहा था।