नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 इलाके में नवीं के एक छात्र की मामूली विवाद में पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि, मृतक रजत बुधवार शाम को ट्यूशन पढ़ कर अपने दोस्तों के साथ घर लौट रहा था, रास्ते में उसकी कुछ लोगों से किसी बात पर बहस हो गई। इसके बाद उन लोगों ने रजत और उसके दोस्तों को पास के ही एक पार्क में ले जाकर पीटना शुरू कर दिया। उसके दोस्त तो किसी तरह वहां से जान बचाकर भाग गए लेकिन रजत भाग नहीं सका। उन लोगों ने उसकी पीट पीट कर हत्या कर दी।
रजत के पिता एक निजी कंपनी में जीएम के पद पर काम करते हैं। पीड़ित परिवार की तरफ से मामला दर्ज करा दिया गया है लेकिन अब तक पुलिस ने किसी को भी इस मामले में गिरफ्तार नहीं किया है। रजत के परिवार वालो के मुताबिक़ मयूर विहार फेज 3 की मार्किट में एक पान की दूकान के पास रजत का किसी से किसी बात पर विवाद हो गया और उसी विवाद के दौरान कुछ लोग रजत और उसके दोस्तों को पास के एक पार्क में ले जाकर पीटना शुरू कर दिया। रजत के परिवारवालो का कहना है की उन्हें नहीं पता है की आखिर उनके बेटे को क्यों और किन लोगो ने मारा है। वहीं दूसरी तरफ पुलिस इस मामले में रजत के परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर अब इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस उन बच्चों से जो उस वक़्त रजत के साथ ट्यूशन से लौट रहे थे ये जानने की कोशिश कर रही है आखिर उस वक़्त ऐसा क्या हुआ था जिससे रजत और उनलोगों के साथ मारपीट की गई।