तिरंगे के अपमान पर अमेजन को सुषमा ने दी कड़ी चेतावनी, कहा- माफी मांगो, वरना नहीं मिलेगा वीजा

0
फाइल फोटो।

नई दिल्ली। ऑनलाइन रिटेल ग्रुप अमेजन द्वारा कनाडा में भारतीय तिरंगे वाली डोरमैट की बिक्री करने पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कड़ी फटकार लगाते हुए ट्विटर पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सुषमा स्वराज ने कहा कि अगर अमेजन ने ये सेल नहीं रोकी तो अमेजन के किसी भी अधिकारी या सदस्य को भारत का वीजा नहीं मिलेगा।

इसे भी पढ़िए :  सन् 1993 के सूरत विस्फोट के आरोपी टाइगर हनीफ के प्रत्यर्पण पर करेगा जल्द फैसला

दरअसल, अमेजन कनाडा एक ऐसा डोरमैट बेच रही है जिस पर भारत का राष्ट्रीय झंडा तिरंगा बना हुआ है। अमेजन कनाडा द्वारा इस विज्ञापन को दिए जाने के बाद इस पर विवाद खड़ा हो गया है। कई लोगों ने अमेजन की वेबसाइट पर जाकर इस विज्ञापन के नीचे लिखा है कि यह भारत के राष्ट्रीय झंडे का अपमान है।

इसे भी पढ़िए :  अगर नहीं सुधर रहा भारत तो बंद हो भारतीयों को वीजा: अमेरिकी सीनेट

इस विवाद के बाद सुषमा ने अमेजन कनाडा से तुंरत इसकी बिक्री रोकने और बिना शर्त माफी मांगने को कहा है। सुषमा ने ट्वीट कर कहा कि अमेजन को तुरंत हमारे तिरंगे का अपमान करने वाले सभी उत्पादों को हटाना चाहिए।

सुषमा ने ट्वीट में कहा कि अगर ऐसा तत्काल नहीं किया जाता है तो हम किसी भी अमेजन अधिकारियों को वीजा नहीं देंगे और पहले से जारी वीजा को भी रोक लिया जाएगा। दरअसल, अतुल भोबे नाम के एक शख्स ने सुषमा को ट्वीट करते हुए कनाडा में बिक रहे इस डोरमैट के बारे में जानकारी दी थी और विदेश मंत्री से तुरंत इस मामले में कार्रवाई करने का आग्रह किया था।

इसे भी पढ़िए :  पाकिस्तानी रेस्टोरेंट मालिक ने कर्मचारियों को दिया ऐसा सरप्राइज़ कि उछल पड़े सारे लोग, जरूर पढ़ें