लंदन आतंकी हमला: अबतक 6 लोगों के मारे जाने की पुष्टि, 3 हमलावर भी ढेर

0
लंदन हमला

लंदन हमलों में शामिल 3 हमलावरों को पुलिस ने मार गिराया है। शहर के बरो मार्केट में लोगों पर चाकू से हमला करने के बाद आतंकी हमलावरों ने लंदन ब्रिज पर अपनी तेज रफ्तार गाड़ी पैदल चल रहे यात्रियों पर चढ़ा दी। पुलिस ने इसे आतंकी हमला करार दिया है। लंदन पुलिस ने इन दोनों हमलों में 6 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। मृतकों की संख्या का आंकड़ा और बढ़ सकता है। इन दोनों वारदातों में कई लोग घायल भी हुए हैं। 30 घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना की पहले-पहल जानकारी मिलने के 8 मिनटों के अंदर ही उन्होंने तीनों हमलावरों को मार गिराया। करीब 2 हफ्ते पहले ही ब्रिटेन के मैनचेस्टर में एक पॉप कॉन्सर्ट के दौरान हुए एक आत्मघाती हमले में 22 लोग मारे गए थे।

इसे भी पढ़िए :  'देश में आतंकवादियों को मिल रहा जनता का समर्थन'

खबरों के अनुसार, आतंकियों ने पहले लंदन ब्रिज पर तेज रफ्तार गाड़ी चलाते हुए पैदल लोगों को टक्कर मारी और उन्हें कुचला। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि हमले के समय आतंकी कम से कम 50 मील प्रति घंटे की रफ्तार से गाड़ी चला रहे थे। इसके बाद हमलावर लंदन ब्रिज से गाड़ी चलाते हुए नजदीके के बरो मार्केट पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद आतंकियों ने अपनी गाड़ी छोड़ दी और खुद गाड़ी से बाहर निकलकर लोगों पर अंधाधुंध चाकू से वार करने लगे। चश्मदीदों का कहना है कि आतंकी जिन चाकुओं से लोगों पर वार कर रहे थे, वह देखने में शिकार के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले चाकू जैसा लग रहा था। अभी तक किसी भी आतंकवादी संगठन ने इन हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है।

इसे भी पढ़िए :  कश्मीर में जागी अमन की आस! कहीं से भी बड़ी घटना की ख़बर नहीं

स इलाके से गोलीबारी की आवाज सुनकर हथियारबंद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल पर फंसे लोगों से जान बचाकर भागने की अपील करते हुए लिखा, ‘भागो, छुपो और लोगों को बताओ।’ हमलों के बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लंदन ब्रिज के पास ही 3 हमलावरों को मार गिराया। कुछ खबरों में यह भी कहा जा रहा है कि पुलिस वारदात में अन्य हमलावरों के शामिल होने की संभावना की भी जांच कर रही है। फिलहाल इन हमलों की जिम्मेदारी किसी आतंकी संगठन ने नहीं ली है। हमले के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है।

सेंट्रल लंदन में जिन दोनों जगहों पर हमला हुआ, वहां हमले के समय बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। आम लोगों को पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला। लंदन ब्रिज पर हुए हमले के चश्मदीदों का कहना है कि उन्होंने 6 लोगों को जमीन पर पड़े देखा। लंदन ऐम्बुलेंस सर्विस ने बताया कि लंदन ब्रिज पर हुए हमले में घायल करीब 20 लोगों को इलाज के लिए 6 अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने इन हमलों की निंदा की है। खबरों के मुताबिक, ट्रंप ने हमले की जानकारी मिलने के बाद ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टरीज़ा मे को फोन कर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। अमेरिकी स्टेट डिपार्टमेंट ने कहा है कि वह ब्रिटेन की पूरी सहायता करने को तैयार है।

इसे भी पढ़िए :  नाइजर के शरणार्थी शिविर पर हमला, 22 सैनिकों की मौत