क्वेटा : आतंकी संगठन ISIS ने पिछले महीने पाकिस्तान के बलूचिस्तान से अगवा किए गए दो चीनी शिक्षकों की हत्या कर दी है। यह जानकारी गुरुवार को ISIS ने अपनी न्यूज एजेंसी अमाक के जरिए दी। पाकिस्तान सरकार तमाम कोशिशों के बावजूद चीनी शिक्षकों की जान बचाने में नाकामयाब रही।
चीन के विदेश मंत्रालय ने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा कि अभी वह खबर की पुष्टि कर रहे हैं। 24 मई को ISIS के आतंकियों ने पुलिस की वर्दी में दो भाषा शिक्षकों को बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा से अगवा कर लिया था। चीन ने पाकिस्तान में अपने बेल्ट ऐंड रोड परियोजना में 57 बिलियन डॉलर निवेश करने का वादा किया है।
बलूचिस्तान की सरकार ने कहा है कि वह अभी खबर की पुष्टि कर रहे हैं। ISIS पाकिस्तान के पड़ोसी अफगानिस्तान में अपनी जड़ें कुछ इलाकों में फैला चुका है। लेकिन पाकिस्तान में अभी ISIS को बहुत ज्यादा सफलता नहीं मिली है। हालांकि पाकिस्तान में कई हमलों की जिम्मेदारी आईएस ले चुका है। पाकिस्तान में चीन के राजदूत ने भी बलूचिस्तान में सुरक्षा बढ़ाने के लिए कहा है। चीन बलूचिस्तान प्रांत में एक बंदरगाह विकसित कर रहा है जिसके जरिए वह एशिया और यूरोप तक ट्रेड आसान कर पाए।