बिहार में बाढ़ का कहर जारी, मरने वालों की संख्या 153 पहुंची

0
फोटो: साभार

नई दिल्ली। बिहार में बाढ़ का कहर अब भी जारी है। बाढ़ से और चार लोगों की मौत होने से राज्य में इस आपदा से मरने वालों की संख्या 153 पहुंच गई है। वहीं दूसरी ओर, हिमाचल प्रदेश के उंचे इलाकों में इस सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई।

पश्चिम बंगाल में मालदा में बाढ़ की स्थिति शनिवार(27 अगस्त) को और खराब हो गई। कालियाचक 3 ब्लाक से दो लोगों के मरने की खबर आने के साथ इस जिले में बाढ़ से मरने वालों की संख्या चार पहुंच गई।

बिहार में और 12 पंचायत क्षेत्र जलमग्न हो गए जिससे 12 जिलों में प्रभावितों की कुल संख्या 34.69 लाख पहुंच गई। भोजपुर और बेगूसराय से एक-एक व्यक्ति की मृत्यु की रिपोर्ट आई है। आपदा प्रबंधन विभाग ने आज यह जानकारी दी।

इसे भी पढ़िए :  बिहार में शिक्षा के नाम पर मज़ाक बने 56 और स्कूल-कॉलेजों की मान्यता रद्द

इसने कहा कि गंगा, सोन, पुनपुन, बूढ़ी गंडक, घाघरा, कोसी और अन्य नदियों का जलस्तर बढ़ने से राज्य में 74 ब्लाकों की 565 पंचायतों के तहत आने वाले 2,037 गांवों के लोग इस बाढ़ से प्रभावित हुए। यद्यपि गंगा का जलस्तर ढलान पर है, मुंगेर और बक्सर जिलों के अलावा यह सात जगहों- पटना में दिघा घाट, गांधी घाट, हाथीदाह, भागलपुर जिले में भागलपुर व कहलगांव में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

इसे भी पढ़िए :  लालू की पीएम मोदी को चुनौती, कहा- हिम्मत है तो अभी कराए लोकसभा चुनाव

विज्ञप्ति के मुताबिक, बक्सर, भोजपुर, पटना, वैशाली, सारन, बेगूसराय, समस्तीपुर, लखीसराय, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर और कटिहार से अभी तक कुल 4.97 लाख लोगों को बाढ़ग्रस्त इलाकों से बाहर निकाला जा चुका है।

इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी में धूप रही और तापमान सामान्य से दो डिग्री उपर रहा। वहीं आद्रता का स्तर 94 और 60 प्रतिशत के बीच रहा। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ऊपर है, जबकि न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जोकि सामान्य से एक डिग्री उपर है।

उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश हुई, जबकि कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। वाराणसी, इलाहाबाद, गाजीपुर और बलिया में 987 गांवों में कम से कम 8.7 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं, क्योंकि फाफामउ, छतनाग, मिर्जापुर, वाराणसी, गाजीपुर और बलिया में गंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

इसे भी पढ़िए :  मोदी को कालेधन पर लोगों को मूर्ख बनाने के लिए आठ बार माफी मांगनी चाहिए: कांग्रेस

हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में मामूली से भारी बारिश हुई। वहीं कांगड़ा जिले के धौलाधार रेंज और ऊंचाई वाले आदिवासी इलाकों में इस सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई।

पंजाब और हरियाणा में कई जगहों पर बारिश हुई और दोनों राज्यों में कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहा।