बिहार और  यूपी में बाढ़ से जनजीवन अस्त व्यस्त, 10 की मौत

0

 

दिल्ली

उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में बाढ़ के चलते 10 लोग मारे गए और लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। इन राज्यों में प्रमुख नदियां खतरे के निशान से उपर बह रही हैं। वहीं जम्मू में आज तवी नदी में अचानक आई बाढ़ में दो लड़कों के डूबकर मरने की आशंका है।

उत्तर प्रदेश में कल से अब तक बाढ़ में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि राज्य के 28 जिलों के 987 गांवों में करीब 8.7 लाख लोग प्रभावित हैं।

राहत आयुक्त डी.के. सिंह ने कहा कि एनडीआरएफ की टीमें वाराणसी, इलाहाबाद, गाजीपुर और बलिया भेजी गई हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ इन चार जिलों में 30,247 लोगों को राहत शिविरों में ले जाया गया है, जबकि 62,397 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।’’ नेपाल से पानी छोड़े जाने और मध्य प्रदेश व उत्तराखंड से बहाव के चलते स्थिति और बिगड़ गई है जिससे प्रमुख नदियों का जलस्तर और बढ़ गया है। बिहार में गंगा नदी का जल स्तर बढ़ने के चलते सात लोगों की मौत हो गई जिससे बाढ़ से मरने वालों की संख्या 29 पहुंच गई।

इसे भी पढ़िए :  गुजरात उच्च न्यायालय ने 18 जजों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दी

जहां पांच लोगों के मरने की खबर समस्तीपुर से हैं, वहीं नालंदा और खगड़िया से एक-एक व्यक्ति की मृत्यु होने की खबर है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की विज्ञप्ति के मुताबिक, गंगा, सोन, पुनपुन बूढ़ी गंडक, घाघरा और कोसी नदियों का पानी बढ़ने से बाढ़ की स्थिति पैदा हुई है जिससे राज्य के 24 जिलों में 4,222 गांवों में 29.71 लाख लोग प्रभावित हैं।
औरंगाबाद जिले में कल शाम पुनपुन नदी में एक नाव के पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और अन्य आठ लोगों के डूबने की आशंका है। इससे कोसी के इलाके में मारे गए लोगों समेत बिहार बाढ़ में मरने वालों की कुल संख्या 127 पहुंच गई है। गया में मामूली बूंदाबांदी को छोड़ दें तो बिहार के प्रमुख हिस्सों में आज कोई बारिश नहीं हुई।

इसे भी पढ़िए :  सावन का तीसरा सोमवार आज, शिव मंदिरों में उमड़ा भक्तों का सैलाब

राष्ट्रीय राजधानी में भारी बारिश से पारा सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया, जबकि हल्की धूप निकलने से आद्रता का स्तर बढ़ गया। अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा।

इसे भी पढ़िए :  बिहार में बाढ़ का कहर जारी, 172 लोगों की मौत

जम्मू में दो किशोर भाइयों के तवी नदी में अचानक आई बाढ़ में डूबकर मरने की आशंका है, जबकि एक अन्य युवक को बचा लिया गया।

पश्चिम बंगाल में मिदनापुर, हुगली, हावड़ा, बांकुरा, बर्दवान और नदिया जिले दामोदर वैली कारपोरेशन द्वारा पानी छोड़े जाने से प्रभावित हुए। मालदा जिले में गंगा नदी में मिट्टी के कटाव के चलते करीब 135 मकान बह गए, जबकि इस नदी का जलस्तर बढ़ने से 20 गांव जलमग्न हो गए।

पंजाब और हरियाणा में अधिकतम तापमान सामान्य स्तर के आसपास रहा। हालांकि कुछ जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई।