नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी ऐप के एक विशेष खंड का इस्तेमाल कर लोग शनिवार(17 सितंबर) को प्रधानमंत्री मोदी को उनके 66वें जन्मदिन पर सीधे शुभकामनाएं दे सकते हैं। सूत्रों ने कहा कि विशेष खंड के जरिये लोग मोदी को सीधे-सीधे अपनी शुभकामनाएं दे सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार लोग ‘एनएम’ ऐप के जरिये एक विशेष शुभकामना पत्र के रूप में अपनी शुभकामनाएं दे सकते हैं। वे यह शुभकामना पत्र बनाने में मोदी के साथ अपनी खुद की तस्वीरों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि एक बार शुभकामना पत्र भेजने के बाद उपयोगकर्ताओं को बदले में एक व्यक्तिगत वीडियो मिलेगा और यह आसानी से साझा किया जा सकता है एवं एक विशिष्ट स्मृति चिह्न के तौर पर काम करेगा। लोग राष्ट्रनिर्माण में मदद के लिए विभिन्न उद्देश्यों के लिए संकल्प ले सकते हैं।
सूत्रों ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों के कई प्रसिद्ध लोग भी विचारों, किस्सों एवं शुभकामनाओं के रूप में भावनाएं साझा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ काम कर चुके लोगों ने व्यक्तिगत किस्से साझा किए जिनमें मोदी की ‘‘नेतृत्व क्षमता, महीन ब्यौरे पर ध्यान देने और एक अच्छा श्रोता होने के गुणों’’ को रेखांकित किया गया है।
सूत्रों के अनुसार कुछ ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए भारत में ‘‘अभूतपूर्व बदलाव’’ ला रही स्वच्छ भारत, मेक इन इंडिया, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसी केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं की सराहना की। प्रधानमंत्री की कड़ी मेहनत, प्रतिबद्धता और भारत के लिए दृष्टि की भी सराहना की गयी।