राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी RSS के नेता इंद्रेश कुमार के महिलाओं से रेप को लेकर एक विवादित बयान दे डाला। उनके दिए बयान से अब एक नया विवाद खड़ा हो गया है। इंद्रेश ने महिलाओं के साथ होने वाले रेप के लिए वैलेंटाइन डे को जिम्मेदार ठहराया है।
शुक्रवार को इंद्रेश कुमार ने कहा कि वैलेंटाइन डे की वजह से महिलाओं का रेप होता है। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि बच्चों के खिलाफ अपराध और महिलाओं से हिंसा के लिए भी वैलेंटाइन डे ही जिम्मेदार है। उनके मुताबिक भारत में प्रेम में ‘पवित्रता’ है, लेकिन पश्चिमी सभ्यता ने ऐसे उत्सवों को व्यापार से जोड़ दिया है।
जयपुर में संघ के एक प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए इंद्रेश ने यह विचार प्रकट किये। उन्होंने कहा, ‘भारत में प्रेम पवित्र है. यहां प्रेम राधा-कृष्ण, लैला-मजनू और हीर-रांझा की कहानियों के जरिए बयां किया जाता है लेकिन पश्चिमी संस्कृति में प्रेम का बाजारीकरण है जिसके कारण वैलेंटाइन डे की शुरुआत हुई और जो अब बलात्कार, नाजायज बच्चों और महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा के लिए जिम्मेदार है।’
इंद्रेश ने कहा, ‘सिर्फ भारत में ही नहीं, पूरा विश्व आज ऐसी समस्याओं का सामना कर रहा है’। बता दें कि इंद्रेश कुमार अपने बयानों के लिए अकसर ही सुर्खियों में रहते हैं। इससे पहले भी उन्होंने कहा था कि जो गोमांस खाने की वकालत करते हैं, वे शैतान की पार्टी से जुड़े हैं। उन्होंने कहा था गाय मानव जीवन के खाद्यान्न का मौलिक अधिकार नहीं, राक्षसी अधिकार है। उन्होंने कहा था कि वेटिकन सिटी और मक्का-मदीना में भी आज तक गाय की कुर्बानी नहीं हुई है।