नई दिल्ली। डिजिटल इंडिया के माध्यम से सरकार हर तरफ आधुनिकीकरण पर जोर दे रही है। हर चीज़ को डिजिटल लुक दिया जा रहा है। इसी कड़ी में एक और नया अध्याय जुड़ने वाला है। जी हां अब रेलवे भी डिजिटल होने जा रहा है। रेलवे ने अपने कर्मचारियों की शिकायतों के निवारण के लिए ‘निवारण’ पोर्टल की शुरुआत की। इस पोर्टल को रेलवे पीएसयू क्रिस ने डिजाइन किया है। रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने गुरूवार को ये पोर्टल लॉन्च किया।
इस मौके पर रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से जहां एक तरफ कर्मचारियों की शिकायतों का निदान किया जा सकेगा तो वहीं दूसरी तरफ इस बात का भी पता चलेगा कि किस विभाग में कितनी परेशानियां आ रही हैं। निवारण पोर्टल से रेलवे के उन कर्मचारियों को बड़ी राहत मिल सकेगी, जो लगातार परेशानियों से जूझने के बावजूद अपनी शिकायतें ऊपर तक नहीं पहुंचा पाते।