PM मोदी ने की रियो पैरालंपिक एथलीटों से मुलाकात

0
फोटो: साभार

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार(22 सितंबर) को रियो पैरालंपिक खेलों में भाग लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की, जिनमें पदक जीतने वाले चार खिलाड़ी भी शामिल थे। प्रधानमंत्री ने अपनी उपलब्धियों से देश का नाम रोशन करने के लिये इन खिलाड़ियों की जमकर प्रशंसा भी की।

भारत का 19 सदस्यीय दल परालंपिक से दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर लौटा है। मरियप्पन थंगवेलु (पुरूष टी42 उंची कूद) और देवेंद्र झाझरिया (पुरूष एफ 46 भाला फेंक) ने स्वर्ण पदक जीते, जबकि दीपा मलिक (महिला एफ53 गोला फेंक) ने रजत और वरूण सिंह भाटी (पुरूष टी42 उंची कूद) ने कांस्य पदक हासिल किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा कि ‘‘पैरालंपिक रियो 2016 में देश को गौरवान्वित करने वाले भारतीय दल से मिलकर खुशी हुई।’’ उन्होंने चार पदक विजेताओं की तस्वीर के साथ लिखा कि ‘‘पदक विजेताओं के साथ। उनके प्रयासों और उपलब्धियों की जितनी भी प्रशंसा की जाए कम है।’’

प्रधानमंत्री मोदी ने इसके अलावा 18 पैरा खिलाड़ियों के साथ फोटो भी अलग से ट्वीट किये। उन्होंने झाझरिया के बारे में लिखा कि ‘‘चैंपियन देव झाझरिया के साथ। हम उनकी जिंदगी और प्रतिबद्धता से काफी सीख ले सकते हैं।’’

इसे भी पढ़िए :  कोहली का एक और रिकॉर्ड, टेस्ट में पूरे किए 3000 रन

परालंपिक में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला दीपा मलिक के बारे में प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि ‘‘आप से मिलकर खुशी हुई दीपा। पूरा देश आपकी उपलब्धियों के लिए आपको सैल्यूट करता है।’’

इसे भी पढ़िए :  देश से आज प्रधानमंत्री मोदी करेंगे 'मन की बात'