सीमा पर फायरिंग में पाक नागरिक की मौत पर भारत के उप उच्चायुक्त तलब

0
उप उच्चायुक्त
प्रतिकात्मक तस्वीर

पाकिस्तान ने बुधवार को लगातार दूसरे दिन भारत के उप उच्चायुक्त को तलब किया और कामकाजी सीमा तथा नियंत्रण रेखा पर भारतीय बलों पर ‘बिना उकसावे के गोलीबारी’ करने का आरोप लगाते हुए इस संबंध में कड़ा विरोध दर्ज कराया। संघर्ष-विराम उल्लंघन के मामले में विदेश कार्यालय ने भारतीय राजनयिक जे पी सिंह को लगातार दूसरे दिन तलब किया। विदेश कार्यालय ने एक बयान में कहा, ‘महानिदेशक :दक्षिण एशिया और दक्षेस: ने आज भारतीय उप उच्चायुक्त को तलब किया। बिना उकसावे के संघर्ष-विराम उल्लंघनों के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया गया।’  बयान के अनुसार 25-26 अक्तूबर को चापरार और हरपाल सेक्टरों में कामकाजी सीमा पर तथा भीमबेर सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष-विराम का उल्लंघन होने पर विरोध दर्ज कराया गया। पाकिस्तान ने कहा कि गोलीबारी में दो नागरिक मारे गए और नौ अन्य घायल हो गए।

इसे भी पढ़िए :  आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब, भारती सेना ने 24 घंटे में मार गिराए 10 आतंकी

विदेश कार्यालय ने कहा, ‘भारतीय पक्ष से कहा गया कि उसे घटना की जांच करनी चाहिए और पाकिस्तान के साथ नतीजे साझा करने चाहिए। उसे अपने सैनिकों को संघर्ष-विराम का पूरी तरह सम्मान करने का निर्देश देना चाहिए, गांवों को जानबूझकर निशाना बनाने से बचना चाहिए और कामकाजी सीमा तथा नियंत्रण रेखा पर शांति बनाये रखनी चाहिए।’ भारत ने मंगलवार को कहा था कि पाकिस्तान सेना ने राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में मोर्टार और छोटे हथियारों से भारतीय सेना की चौकियों पर निशाना साधा था और संघर्ष-विराम का उल्लंघन किया था जिसके बाद सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया। गत 18 सितंबर को उरी आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में भारतीय सेना के लक्षित हमलों के बाद से पाकिस्तान की ओर से संघर्ष-विराम उल्लंघन के 40 मामले सामने आये हैं।

इसे भी पढ़िए :  भारत ने दिया करारा जवाब, पाकिस्तान की 4 चौकियां तबाह