नई दिल्ली। कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी ने रेप को लेकर एक विवादित व शर्मनाक बयान दिया है। बुलंदशहर मामले को लेकर उन्होंने कहा कि रेप तो चलते ही रहते हैं। अगर पुलिस आरोपियों को 15-20 दिन बाद गिरफ्तार करे तो कोई क्यों सत्ता में बैठे लोगों को शाबाशी देगा।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बुलंदशहर गैंगरेप के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, उसी पर रेणुका से सवाल किया गया था। रेणुका ने गिरफ्तारी पर कहा कि ऐसा होता ही रहेगा, अगर आरोपियों को घटना के इतने दिन बाद गिरफ्तार करेंगे, तो क्या पुलिस की पीठ थपथपानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अब हमें आगे की कार्रवाई देखनी होगी, क्योंकि हम इस स्थिति से परेशान हो गए हैं, जहां हर रोज सुबह उठने के बाद कोई ना कोई रेप के बारे में बात करता है। रेप तो चलते ही रहते हैं और अगर वो किसी को 10-20 दिन बाद गिरफ्तार करे और सोचे की हम उनकी पीठ थपथपाएंगे तो यह नहीं होगा।
गौर हो कि उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में हाईवे पर मां और बेटी से शराब के नशे में बावरिया गैंग के बदमाशों ने गैंगरेप किया था। पुलिस ने तीन आरोपी पहले पकड़े थे, जबकि सोमवार(8 अगस्त) को फिर तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई।