कैप्टन और कांग्रेसी नेता अमरिंदर सिंह ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाते हुए बोला है कि मोदी झूठ बोलते हैं और वे एनडीटीवी पर पाबंदी को लोकतंत्र का कत्ल बता रहे हैं।
पंजाब कांग्रेस प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने वन रैंक, वन पेंशन के मुद्दे पर पीएम नरेंद्र मोदी पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है। कैप्टन शनिवार को पंजाब भवन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वन रैंक, वन पेंशन क्या है, पहले उन्हें यह समझना होगा। जंतर-मंतर पर आत्महत्या करने वाले पूर्व सैनिक रामकिशन ग्रेवाल को शहीद का दर्जा मिलना चाहिए। रामकिशन ने पूर्व सैनिकों के हक के लिए जान दी है। कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के बयान की कौन परवाह करता है। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल व दिल्ली के सीएम केजरीवाल को एक बार फिर खुली बहस की चुनौती दी।
अमरिंदर सिंह ने कहा कि केजरीवाल को पंजाब के मुद्दों पर बहस करने में दिक्कत क्या है। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर कांग्रेस को जोड़ रहे हैं, तोड़ नहीं रहे। वह सरकार बनाने में मदद करने में जुटे हैं। बादल सरकार के राज में पंजाब में पंजाबी चैनलों की लॉचिंग पर लगा प्रतिबंध कांग्रेस सत्ता में आते ही हटा देगी। पंजाब कांग्रेस के प्रधान कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने एनडीटीवी पर रोक को लोकतंत्र की हत्या करार दिया है। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार इस प्रतिबंध को वापस नहीं लेती है तो नौ नवंबर को चैनल के बंद रहने के दौरान दिन भर रोष प्रकट किया जाएगा।
सरकार को तानाशाही आदेशों को वापस लेना चाहिए। इसके विरोध में वह नौ नवंबर को गवर्नर हाउस के बार धरना देने से भी गुरेज नहीं करेंगे। पंजाब में कांग्रेस सरकार आने पर मीडिया को बादलों और उनके साथियों के नियंत्रण से बाहर निकाला जाएगा। मीडिया संस्थानों को पेशेवर वातावरण व आगे बढ़ने के समान अवसर दिए जाएंगे। कैप्टन के अनुसार पूर्व सैनिक की आत्महत्या के मामले में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लेना भी मोदी सरकार का लोकतंत्र व बराबरी के सिस्टम को खत्म करने की साजिश है।