आम आदमी पार्टी के नेता व दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को मोहाली में अपनी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि पंजाब की जनता को यह मान कर आप को वोट देना चाहिए कि यहां मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ही होंगे। जिसके बाद से ही चारो और से आम आदमी पार्टी पर सवाल उठने लगे। हालांकि, आम आदमी पार्टी ने इस बयान को लेकर सफाई दी है। AAP की नेता अतिशी मर्लेना ने एक टेलीविजन चैनल से कहा कि अरविंद केजरीवाल को पंजाब चुनाव का चेहरा बनाने की दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की टिप्पणी को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। मर्लेना ने कहा, ‘उन्होंने (सिसोदिया) कहा कि केजरीवाल को मुख्यमंत्री का उम्मीदवार समझकर वोट दीजिए। उन्होंने यह नहीं कहा कि केजरीवाल मुख्यमंत्री होंगे। वह आप का चेहरा हैं, जिसे पंजाब के लोग देख रहे हैं।
उन्होंने कहा, केजरीवाल आप का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह विश्वसनीयता का प्रतिनिधित्व करते हैं, क्योंकि उन्होंने दिल्लीवासियों से किए कई वादे पूरे किए हैं। वह उसी विश्वसनीयता को पंजाब ला रहे हैं और पंजाब के लोगों से किए सारे वादे पूरे किए जाएंगे। इसका मतलब यह नहीं है कि वह पंजाब में मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने कहा कि केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री थे और वह राष्ट्रीय राजधानी के लोगों के लिए प्रतिबद्ध हैं।