दिल्ली
नरेला विधानसभा सीट से विधायक शरद चौहान की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए सवाल किया कि क्या वह अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं।
साथ ही आप ने इस बात पर हैरत जताई कि क्या इस तरह की ‘‘प्रतिशोध’’ की कार्रवाई करने वाले व्यक्ति के हाथ में देश ‘‘सुरक्षित’’ है।
शरद चौहान पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आप के 12वें विधायक हैं।
आप नेता आशीष खेतान ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री अपना पूरा समय अपने राजनीतिक विरोधियों को फंसाने की योजना बनाने में लगाते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ऐसा लगता है कि मोदी का संबंध केवल राजनीतिक उत्पीड़न से है।
खेतान ने कहा ‘‘ऐसा लगता है कि वह :मोदी: प्रधानमंत्री के तौर पर देश का नेतृत्व करने के योग्य नहीं हैं। क्या हम इस बात पर भरोसा कर सकते हैं कि देश का प्रशासन ऐसे व्यक्ति के हाथ में हो जो अपना पूरा समय अपने राजनीतिक विरोधयों को फंसाने की योजना बनाने में लगाता है। क्या ऐसा व्यक्ति देश को चलाने के लिए मनोवैज्ञानिक और मानसिक रूप से फिट है।’’ उन्होंने कहा ‘‘जिस तरह नरेंद्र मोदी राजनीतिक प्रतिशोध से अपनी सरकार चला रहे हैं वह देश के लिए खतरनाक है। वह चरणबद्ध तरीके से अपने राजनीतिक विरोधियों को निशाना बना रहे हैं, चाहे वह :गुजरात कैडर के आईएएस अधिकारी: प्रदीप शर्मा या अन्य या आप विधायकों या दिल्ली में आप सरकार के खिलाफ कार्रवाई हो।’’
चौहान को पुलिस ने सत्तारूढ़ पार्टी की एक महिला कार्यकर्ता की आत्महत्या के मामले में गिरफ्तार किया है। अब तक 12 आप विधायकों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पार्टी के वरिष्ठ नेता आशुतोष ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आप सरकार के अच्छे काम की तारीफ करने के बजाय प्रधानमंत्री उसके विधायकों को जेल भेज रहे हैं।
आशुतोष ने ट्वीट की श्रृंखला में कहा ‘‘एक और आप विधायक गिरफ्तार । क्या मोदी पागल हो गए हैं ? क्या वह अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं ? अगर प्रधानमंत्री इस तरह गुस्से और बदले की भावना से काम करते हैं तो देश कैसे सुरक्षित है।’’ उन्होंने कहा ‘‘दिल्ली सरकार बहुत अच्छा काम कर रही है। कल सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के 16 लाख अभिभावक पहली बार पीटीएम के लिए आए। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आप सरकार के अच्छे काम की तारीफ करने के बजाय प्रधानमंत्री उसके विधायकों को जेल भेज रहे हैं। क्या उनके हाथ में देश सुरक्षित है ?’’
आपको हम बता दें कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पिछले सप्ताह आरोप लगाया था कि मोदी उन्हें मारने की साजिश रच रहे हैं। वहीं दिल्ली सचिवालय में सीबीआई के छापे के बाद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री को ‘मनोरोगी’ कहा था।