बिहार में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 89 हुई, राहत कार्यों के लिए 315 करोड़ रुपए मंजूर

0

बिहार में बाढ़ के कारण शुक्रवार (5 अगस्त) को 25 और लोगों की मौत के साथ ही अभी तक 89 लोगों की बाढ़ से मौत हो चुकी है जबकि 14 जिले के 33 लाख लोग इससे प्रभावित हुए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग ने एक बयान में कहा कि बाढ़ से प्रभावित जिलों में सारण नवीनतम जिला है। इसने कहा कि बाढ़ से सर्वाधिक मौत पूर्णिया (26) में हुई है। इसके बाद अररिया में 21, कटिहार में 15, सुपौल में आठ और किशनगंज में पांच लोगों की बाढ़ से मौत हुई है।

इसे भी पढ़िए :  मुसलमानों को वोट की मंडी ना समझें: PM मोदी

बयान में कहा गया है कि मधेपुरा और गोपालगंज में चार-चार लोगों की, दरभंगा में तीन और सहरसा, मुजफ्फरपुर तथा सारण में एक-एक व्यक्ति की बाढ़ से मौत हुई है।

महानंदा, बखरा, कंकई, परमार, कोसी और अन्य नदियों के कारण पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, दरभंगा, मधेपुरा, भागलपुर, कटिहार, सहरसा, सुपौल, गोपालगंज, पूर्वी चम्पारण, पश्चिम चम्पारण और मुजफ्फरपुर जिले जलमग्न हुए हैं। हालिया खबरों के मुताबिक कहलगांव (भागलपुर) में गंगा खतरे के निशान के ऊपर बह रही है जबकि सिवान जिले में घाघरा नदी कुछ जगहों पर खतरे के निशान के ऊपर है। खगड़िया में बूढ़ी गंडक भी खतरे के निशान के ऊपर है जबकि कोसी नदी खगड़िया और कटिहार जिले में खतरे के निशान के ऊपर बह रही है।

इसे भी पढ़िए :  नजीब जंग ने पहले भी दिया था इस्तीफा, पीएम के कहने पर बने रहे थे पद पर

बाढ़ राहत कार्यों के लिए 315 करोड़ रुपए मंजूर
बिहार सरकार ने बाढ़ की स्थिति गंभीर रहने के बीच राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आकस्मिक कोष से 315 करोड़ रुपए शुक्रवार (5 अगस्त) को मंजूर किए। प्रधान सचिव (मंत्रिमंडल समन्वय) ब्रजेश मेहरोत्रा ने संवाददाताओं को बताया कि 41 सूत्री एजेंडे के तहत अन्य प्रस्तावों के बीच राज्य सरकार ने 2016-1019 के बीच 20 वन संभागों के अंतर्गत नहरों पर 627.50 किलोमीटर के दायरे में पौधरोपण के लिए 26.36 करोड़ रूपए के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।

इसे भी पढ़िए :  राष्ट्रपति ने असम, बिहार, मध्य प्रदेश में बाढ़ के कारण होने वाली मौतों पर जताया शोक

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने पुलिस आधुनिकीकरण के लिए केंद्र द्वारा इस साल प्रदत्त 23.12 करोड़ रुपए तथा अपने हिस्से का अन्य 17.28 करोड़ रुपए मंजूर किए। उनके अनुसार राज्य सरकार ने वैशाली और सारण जिलों में विभिन्न सड़क परियोजनाओं के लिए 244 करोड़ रुपए भी मंजूर किए। इस तरह कई अन्य प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।