इस्लामिक स्टेट ने अबु मुसाब अल-बरनावी को आतंकी संगठन बोको हराम का नया नेता घोषित कर दिया है। इस्लामिक स्टेट ने इसे अपने कथित पश्चिमी अफ्रीकी प्रांत का “वली (गवर्नर)” घोषित किया है। इससे पहले इस पदवी का इस्तेमाल अबु बकर शेकाउ के लिए किया जाता था। आईएस के अखबार अल-नबा से यह जानकारी मिली है। आतंकियों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने वाली एजेंसी एसआइटीई के अनुसार बुधवार को अखबार में बरनावी का साक्षात्कार प्रकाशित किया गया। इस इंटरव्यू में बरनावी ने मस्जिदों और आम मुस्लिमों के बाजारों पर हमले बंद करने को कहा है। चर्चों पर बम हमले करने और ईसाइयों को मारने की धमकी दी है। बरनावी ने कहा है कि पश्चिमी देशों की साजिश इस क्षेत्र में ईसाई तौर-तरीके लागू करने की है। उसने कल्याणार्थ काम करने वाली संस्थाओं पर आरोप लगाया कि वे ऐसा करने के लिए पश्चिमी देशों की मदद ले रहे हैं। यह साक्षात्कार बोको हराम की रणनीति में बड़े बदलाव की ओर इशारा करता है।
आम मुसलमानों पर हमले के कारण ही आईएस के प्रति निष्ठा जता चुके बोको-हराम से अंसारु समूह अलग हुआ था। शेकाउ भी इसके विरोध में माना जाता है। अल-नबा की रिपोर्ट में शेकाउ की मौजूदा स्थिति का जिक्र नहीं किया गया है। हालांकि काफी समय से उसको हटाये जाने की चर्चा चल रही थी।