दलितों पर हो रहे अत्याचार के लिए केन्द्र सरकार जिम्मेदार नहीं: केंद्रीय मंत्री

0

 

दिल्ली

केन्द्रीय मंत्री हंसराज अहीर ने आज कहा कि राज्यों में दलितों पर अत्याचार की विभिन्न घटनाओं के लिए राजग नीत केन्द्र सरकार या भाजपा को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए।

गृह मामलों के राज्यमंत्री अहीर ने यहां संवाददाताओं को बताया, ‘‘ यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि मोदी सरकार के पिछले ढाई साल के कार्यकाल के दौरान विपक्ष को कोई मुद्दा नहीं मिला। यह दुर्भाग्य की बात है कि दलितों के खिलाफ घटनाएं गुजरात में हुईं।’’ उन्होंने सवाल किया, ‘‘ लेकिन क्या इसके लिए केन्द्र सरकार जिम्मेदार है? क्या भाजपा इसके लिए जिम्मेदार है?’’ अहीर ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष ने इसे केन्द्र के खिलाफ एक बड़ा मुद्दा बनाने की कोशिश की। ‘‘ भाजपा पहले ही साफ कर चुकी है कि वह दलितों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई का समर्थन नहीं करती। यहां तक कि प्रधानमंत्री ने इस मुद्दे पर एक खुले मंच से बयान दिया।’’ उन्होंने कहा कि केन्द्र ‘‘दलितों पर अत्याचार घटाने की दिशा में काम कर रहा है।’’ गोमांस पर प्रतिबंध की मांग के बारे में केन्द्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘ गोमांस खाने की व्यवस्था लंबे समय से चलती रही है। यह हमारे कार्यकाल में शुरू नहीं हुई। हम अब भी गाय को ‘गउमाता’ मानते हैं। जब महाराष्ट्र में गो मांस पर प्रतिबंध का प्रस्ताव आया, हमने इसका समर्थन किया।’’ उन्होंने कहा कि कत्ल के लिए गाय या भैंस के परिवहन के मुद्दे से संबद्ध राज्य सरकारों को निपटना होता है। इस तरह के परिवहन को रोकने के लिए पर्याप्त कानून हैं जिन्हें कड़ाई से लागू किया जा सकता है।

इसे भी पढ़िए :  चीफ जस्टिस टीएस ठाकुर ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना, रविशंकर ने किया पलटवार