विजय माल्या, राहुल गांधी और दो वरिष्ठ पत्रकारों के आधिकारिक ट्विटर हैंडल हैक करने वाला लीजन धीरे-धीरे कुख्यात होता जा रहा है। अगर हम लीजन नाम पर गौर करें तो अमेरिका में ‘लीजन ऑफ डूम’ (LOD) नाम का एक मशहूर हैकर ग्रुप था। इस हैकर ग्रुप की स्थापन लेक्स लुथर ने की था, जो 1990 के दशक से 2000 के शुरुआती दशक तक सक्रिय थे।
LOD को टेक्नॉलजी के इतिहास के सबसे ज्यादा प्रभावशाली हैकिंग ग्रुप में से एक माना जाता है। हालांकि, अभी यह नहीं कहा जा सकता कि यह लीजन वास्तव में ‘लीजन’ ऑफ डूम’ से प्रेरित है या नहीं, लेकिन यह बहुत ही प्रभावशाली है और भारत समेत दुनिया में कहीं भी साइबर अटैक को अंजाम दे सकता है।
गौरतलब है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के ट्विटर अकाउंट को हैक कर कई देशों से संचालित किया गया था। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, राहुल और कांग्रेस के ट्विटर हैंडल को 5 देशों से संचालित किया गया था। दोनों अकाउंट्स को हैकर्स ने स्वीडन, रोमानिया, अमेरिका, कनाडा और थाइलैंड से संचालित किया था।
जिस तरह ये साइबर हैकर्स का ग्रुप नामचीन हस्तियों और नामी संस्थाओं के अकाउंट हैक कर रहा है, इससे जाहिर होता है कि इनका मकसद कोई बड़ा खुलासा करने का है।