दिल्ली नगर निगम चुनाव 2017 की तैयारी में जुटी आम आदमी पार्टी यानि आप को एक के बाद एक झटके लगते जा रहे हैं। इसी सोमवार को बवाना से आप विधायक वेदप्रकाश ने भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन की थी।
ठीक तीन दिन बाद आप को झटका देते हुए गुरूवार को आम आदमी पार्टी की महिला विंग उत्तरी जिला उपाध्यक्ष व रोगी कल्याण समिति की अध्यक्ष सीमा कौशिक अपने 250 साथियों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गई । दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष अजय माकन ने उन्हें कांग्रेस में शामिल करने की स्वीकृति देकर उनका स्वागत किया।
माकन ने कहा कि आम आदमी पार्टी का गुब्बारा फूट चुका है और उनके कार्यकर्ताओं में रोष है, इसलिए वह पार्टी छोड़कर जा रहे हैं। इस मौके पर सीमा कौशिक ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। वो कहते कुछ हैं और करते कुछ और हैं। नेता भ्रष्टाचार में डूबे है और कार्यकर्ता मारा-मारा घूम रहा है। कार्यकर्ताओं को कुछ देने की बात आती है तो रिश्तेदार आगे आ जाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही गरीबों और बेसहारों की पार्टी है।
बता दें कि पिछले हफ्ते आम आदमी पार्टी के 400 से ज्यादा कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए थे। माना जा रहा है कि आप में लगातार असंतोष बढ़ता जा रहा है। इसका बड़ा असर जल्द ही देखने को मिलेगा।