नयी दिल्ली: भाजपा ने आज कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर से कभी मुलाकात नहीं की और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का यह दावा बेबुनियाद है कि सिंह ने 2008 में मालेगांव में हुए बम विस्फोटों की आरोपी से मुलाकात की थी।भाजपा के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने कहा, ‘राजनाथ सिंह ने कभी प्रज्ञा ठाकुर से मुलाकात नहीं की। यह बेबुनियाद दावा है। भाजपा दिग्विजय सिंह की टिप्पणियों के लिए उनकी निंदा करती है।’ विवादास्पद इस्लामी उपदेशक जाकिर नाइक के साथ मंच साझा करने और नाइक की प्रशंसा करने को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहे दिग्विजय सिंह ने आज आरोप लगाया कि राजनाथ सिंह ने प्रज्ञा से मुलाकात की थी। कांग्रेस महासचिव ने पहले भी यह आरोप लगाया था और राजनाथ ने इसे खारिज कर दिया था।
श्रीकांत शर्मा ने कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर राष्ट्रीय सुरक्षा के इस मुद्दे पर ‘चुप्पी’ साधने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें इस विषय पर बोलना चाहिए।उन्होंने कहा, ‘एयरसेल मेक्सिस और हेलीकॉप्टर घोटालों के अलावा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में उनके मुख्यमंत्रियों से जुड़े भ्रष्टाचार के मुद्दे पर उनकी चुप्पी को समझा जाता सकता है क्योंकि उन पर खुद नेशनल हेराल्ड मामले में आरोप हैं। लेकिन उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा के इस मुद्दे पर चुप नहीं रहना चाहिए।’ खबर आई थी कि ढाका हमले में शामिल पांच आतंकवादियों में से एक नाइक के भाषणों से प्रभावित था जिसके बाद भाजपा ने नाइक पर लोगों को भड़काने का आरोप लगाते हुए निशाना साधा है।