उत्तरी राज्यों में भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त, जम्मू में बाढ़ का अलर्ट जारी

0

दिल्ली
जम्मू में बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है जहां भारी बारिश से तीन लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हैं। वहीं बिहार से और चार लोगों के मरने की खबर आने से बाढ़ के चलते मरने वालों की संख्या अभी तक 95 पहुंच गई है।

जम्मू में तवी नदी लगातार खतरे के निशान से उपर बह रही है। राज्य में भारी बारिश के चलते भूस्खलन के बाद वैष्णोदेवी और अमरनाथ यात्राएं रोक दी गई हैं।

असम में बाढ़ की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। हालांकि ब्रह्मपुत्र की सहायक नदी धनसिरी, गोला के नुमालीगढ़ में खतरे के निशान से उपर बह रही है।

राजस्थान के छिटपुट इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई जहां सबसे अधिक 19 सेमी बारिश कोटा में दर्ज की गई। इसके बाद झालावाड़ के अकलेरा में 16 सेमी बारिश हुई। पंजाब और हरियाणा में भी भारी बारिश हुई।

इसे भी पढ़िए :  10 मिनट में देखिए पिछले 24 घंटे का पूरा घटनाक्रम और आज की एक्सक्लूसिव खबरें, GOOD MORNING COBRAPOST

राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में हल्की बौछार हुई और आद्रता का स्तर 80 प्रतिशत तक रहा जिससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लगातार बारिश के चलते जम्मू क्षेत्र के मंडल अंचल में परलादपुर में मकान ढहने से फतेह चंद की मौत हो गई। डोडा जिले में मकान ढहने से दोस्त मोहम्मद मारा गया, जबकि चार अन्य घायल हो गए। प्रतिकूल मौसम के चलते कल वैष्णोदेवी के रास्ते 10 वर्षीय एक लड़का घायल हो गया जिसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसके साथ इस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या पांच हो गयी ।
जिले में रामनगर स्टेशन के पास कई जगहों पर रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन से जम्मू उधमपुर रेलवे लाइन पर यातायात प्रभावित हुआ। जम्मू के उपायुक्त सिमरनदीप सिंह ने कहा, ‘‘ भारी बारिश के चलते जम्मू में नदियों में अचानक बाढ़ आ गई है। अलर्ट जारी कर दिया गया है।’’ उन्होंने कहा कि तवी नदी 18 फुट के खतरे के निशान पर बह रही है और चेनाब नदी, अलर्ट के स्तर से 33 फुट उपर बह रही है।

इसे भी पढ़िए :  बाढ़ से भी होती है कमाई

भारी बारिश के चलते भूस्खलन के चलते जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग कुछ समय के लिए बाधित हो गया था जिसे बाद में खोल दिया गया।

बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है और 14 जिलों में 33 लाख लोग प्रभावित हैं। कटिहार जिले से और चार लोगों के मरने की खबर है। सबसे अधिक 28 लोगों की मौत पुर्णिया जिले में हुई, जबकि अररिया में 21, कटिहार में 19, सुपौल में 8, किशनगंज में 5, गोपालगंज और मधेपुरा में 4-4, दरभंगा में तीन और मुजजफ्फरपुर, सारण और सहरसा में एक-एक लोग की मरने की खबर है।

इसे भी पढ़िए :  आर्म्स डीलर ने हनीट्रैप के जरिए वरुण गांधी को किया ब्लैकमेल!

पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में आज बारिश होने से इन दो राज्यों में तापमान में गिरावट आई। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में इन दोनों राज्यों में भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।

उत्तर प्रदेश में पूर्वी हिस्सों में छिटपुट इलाकों में और पश्चिमी हिस्सों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हुई।