सीमा विवाद : जानिए चीन के लिए क्यों जरूरी है चुंबी घाटी

0
चीन

भारत और चीन सिक्किम सीमा पर एक-दूसरे से टकराव की स्थिति में हैं। आमने-सामने खड़ी दोनों देशों की सेनाओं के बीच पिछले कई दशकों से ऐसी स्थिति नहीं बनी थी। सिक्किम सीमा के पास जिस जगह पर चीन सड़क निर्माण करा रहा है, उस पर भारत ने आपत्ति जताई है। यह जगह सिक्किम-भूटान और तिब्बत के जंक्शन पॉइंट पर है। तिब्बत की चुंबी घाटी की इस जगह में चीन की बढ़ती सक्रियता भारतीय हितों के नजरिये से बेहद चिंताजनक है। भारत के सामरिक हितों के मद्देनजर यह घाटी बेहद संवेदनशील है। कटार का आकार लिए हुए यह घाटी तिब्बत में भारत, भूटान और चीन की सीमाओं पर स्थित है। चीन चुंबी घाटी में भूटान सीमा की तरफ जब-तब अतिक्रमण करता रहता है। चुंबी घाटी में निर्माणकार्य न केवल सीमाओं की सुरक्षा के लिहाज से, बल्कि भारत की आतंरिक सुरक्षा के मद्देनजर भी खतरे की घंटी साबित हो सकता है।

इसे भी पढ़िए :  सुषमा स्वराज की पाकिस्तान को दो टूक: PoK, गिलगित-बाल्टिस्तान समेत पूरा कश्मीर हमारा

इस घाटी को आप इन तीनों देशों का चौराहा समझ सकते हैं। भारत और चीन के बीच के 2 अहम दर्रे, नाथू-ला और जेलप-ला यहां खुलते हैं। इस संकरी घाटी में सैन्य गतिविधियां बहुत मुश्किल हैं। सिलीगुड़ी गलियारे से यह जगह करीब 50 किलोमीटर दूर है। कुछ जगहों पर तो यह गलियारा केवल 17 किलोमीटर चौड़ा है। शायद इसके पतले आकार और संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए ही इस गलियारे को भारत का ‘चिकन्स नेक’ कहते हैं। पश्चिम बंगाल में स्थित यह गलियारा भारत की मुख्यभूमि को उसके उत्तरपूर्वी राज्यों से जोड़ता है। चुंबी घाटी ना केवल भारत के सामरिक हितों, बल्कि आतंरिक व्यवस्था के लिहाज से भी भारत के लिए बहुत ज्यादा अहमियत रखती है। सिलीगुड़ी गलियारा चुंबी घाटी के ठीक नीचे है। यही कारण है कि भारत ने यहां सड़क निर्माण पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि यहां सड़क बनाने की योजना पेइचिंग की सामरिक रणनीति का हिस्सा है।

इसे भी पढ़िए :  केन्द्र सरकार से रक्षा मंत्रालय ने मांगा 20,000 करोड़ का अतिरिक्त बजट

उधर, भूटान ने भी चीन द्वारा डोकलाम में सड़क बनाए जाने का विरोध किया है। चीन यहां निर्माणकार्य कर चुंबी घाटी का विस्तार करना चाहता है, ताकि वह उस हिस्से तक पहुंच सके जहां उसकी सीमा भारत और भूटान से मिलती है। हालांकि भारत और चीन के बीच सिक्किम सीमा को लेकर कोई विवाद नहीं है, लेकिन चीन की भारतीय सीमा पर अपनी मौजूदगी और पहुंच बढ़ाने की कोशिश नई दिल्ली के हितों के लिए सही संकेत नहीं है। इसी कारण दोनों देशों के बीच कूटनीतिक तनातनी की स्थिति पैदा हो गई है। इस पूरे मामले में भूटान की भूमिका भी बहुत अहम है।

इसे भी पढ़िए :  आधी रात को लॉन्च हुई जीएसटी, पढ़िए क्या बोले पीएम मोदी और राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी