नई दिल्ली: मोदी कैबिनेट के इस्पात मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह राजनीति से संन्यास ले सकते हैं। उन्होने ननिहाल गढ़ी सांपला में नाना दीनबंधु चौधरी छोटूराम की 65 फीट ऊंची प्रतिमा के शिलान्यास के बाद इस बात के संकेत दिए। उन्होने कहा कि प्रतिमा के अनावरण पर आयोजित होने वाला समारोह उनका आखिरी राजनीतिक जलसा होंगा। इस्पात मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह इससे पहले कांग्रेस में थे। 2014 में पूर्व मंत्री हुड्डा के साथ और हरियाणा में कमजोर होती कांग्रेस के कारण उन्होने भाजपा का दामन थाम लिया।
केंद्रीय इस्पात मंत्री ने कहा कि वैसे तो नेता के साथ राजनीति मरते दम तक साथ रहती है, लेकिन चौधरी छोटूराम की प्रतिमा स्थापित करने वाले दिन वह अपना अंतिम राजनीतिक कार्यक्रम करेंगे। यह प्रतिमा करीब तीन महीने में बनकर तैयार होगी। अभी इसके अनावरण की तिथि तय नहीं हुई है। बताया जाता है कि प्रतिमा का अनावरण भी बीरेंद्र सिंह करेंगे।बीरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा की सभ्यता व संस्कृति काफी समृद्ध है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से आग्रह किया है कि प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर ऐसे कला केंद्र बनाएं, जिससे युवाओं को अपने प्रदेश की संस्कृति का पता चल सके।