सच ही कहा है किसी ने प्यार सिर्फ प्यार भरा दिल देखता है सरहद और हदें नहीं। पाकिस्तान के करांची की सादिया और लखनऊ के सईद की प्रेम कहानी कुछ ऐसा ही एहसास दिलाती है इन दोंनों ने सरहद पार प्यार तो कर लिया पर अब उस प्यार को मुकाम तक पहुंचाने में एक वीजा के मोहताज बन गये हैं। सादिया और सईद की 1 अगस्त को शादी होनी है लेकिन वीजा नहीं मिलने की वजह से शादी रुक सकती है। शादी तय होने के बाद उनके परिजनों ने इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग पर वीजा के लिए दो बार अर्जी दी थी, लेकिन उनकी यह अर्जी खारिज हो गई थी। जिसके बाद सादिया ने अब विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मदद की गुहार लगाई है। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक सादिया ने कहा, “मुझे काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उच्चायोग ने हमारी अर्जी को दो बार खारिज कर दिया था और ऐसा करने के पीछे कोई कारण भी नहीं दिया। हम लोग बीते एक साल से वीजा हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।”
सादिया के मुताबिक दोंनों देशों के संबंधों के बीच आई कड़वाहट के चलते उनके परिवार को वीजा नहीं मिला। खबर के मुताबिक, सादिया ने ट्वीट कर विदेश मंत्री सुषमा स्वाराज से मदद मांगी है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, “इस बेटी की मदद करिए प्लीज। अब मेरी आखिरी उम्मीद आप ही हैं।”
बता दें कि 2012 में सादिया और सईद की शादी तय हुई थी। सादिया अपने परिवार के साथ लखनऊ में शादी की तारीख पक्की करने आई थी। रिश्ता तय होने के बाद दोंनों परिवारों के बीच बातचीत जारी रही लेकिन उन्होंने शायद ही सोचा होगा कि उनकी शादी एक वीजा की मोहताज हो जाएगी।