चैम्पियंस ट्रॉफी शुरू होने से पहले तमाम कयास लगाए जा रहे थे कि ये टीमें फाइनल में भिड़ेंगी। क्रिकेट एक्सपर्ट्स ने ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत और श्रीलंका को मजबूत दावेदार ठहराया था। लेकिन अंत में जो तस्वीर सामने आई, वह कुछ और ही है। आज इस मुकाबले के फाइनल में भिड़ेंगे भारत और पाकिस्तान। वह दो टीमें, जिनका मुकाबला विश्व क्रिकेट में सबसे कांटे का माना जाता है। दोनों देशों के बीच राजनीतिक कारणों से क्रिकेट नहीं खेला जाता। ज्यादातर दोनों अब आईसीसी के मुकाबलों में ही आमने-सामने होते हैं। टीम इंडिया में कई खिलाड़ी ऐसे भी हैं, जिनकी यह आखिरी चैम्पियंस ट्रॉफी साबित हो सकती है।
शोएब मलिक: पाकिस्तान का यह ऑलराउंडर पिछले 18 साल से क्रिकेट खेल रहा है। 35 साल के शोएब अगले 2-3 वर्ष में क्रिकेट को बाय बाय कह सकते हैं। एक बार मलिक को ऑफ स्पिन बॉलिंग के भी जाना जाता था, लेकिन अब वह पाकिस्तान के टॉप बैट्समैन हैं। उनकी खराब परफॉर्मेंस के कारण उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था, लेकिन उसके बाद उन्होंने शानदार वापसी की। इस साल की चैम्पियंस ट्रॉफी में उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा। तीन पारियों में उन्होंने महज 42 रन बनाए हैं।
युवराज सिंह: हाल ही में 300वां वनडे खेलने वाले युवराज भी उम्र के उस पड़ाव पर पहुंच गए हैं, जहां वह कुछ और वर्ष ही क्रिकेट खेल पाएंगे। वह 2002 से लगातार चैम्पियंस ट्रॉफी खेलते आ रहे हैं। कैंसर से जूझने के बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और कई मौकों पर खुद को साबित किया। 2011 का विश्व कप और 2007 का टी-20 वर्ल्ड कप जीताने में उनका बेहद अहम रोल था।
मोहम्मद हाफिज: यह खिलाड़ी पिछले कई वर्षों से पाकिस्तानी टीम का अहम खिलाड़ी रहा है। लेकिन अब उनकी उम्र 36 साल हो चुकी है और बहुत ही कम चांस हैं कि वह अगली चैम्पियंस ट्रॉफी में नजर आएं। हाफिज फिलहाल 2019 के विश्व कप के बारे में ही सोच रहे होंगे। उन्होंने अपने करियर में काफी कुछ देखा है। वह एक वक्त पर पाकिस्तान के बेहद अहम ऑफ स्पिनर थे, लेकिन अवैध बॉलिंग एक्शन के कारण उन पर बैन लगा दिया गया। इसे ठीक करने के बाद उन्होंने वापसी की, लेकिन वह बात नहीं दिखी।
अजहर अली: 32 साल के अजहर अली उन खिलाड़ियों में सबसे छोटे हैं, जो शायद अगली चैम्पियंस ट्रॉफी नहीं खेलेंगे। उनकी उम्र से देखें तो वह अब भी 6-7 साल क्रिकेट खेल सकते हैं, लेकिन बदलते वनडे क्रिकेट के मुताबिक वह खुद को ढाल नहीं पा रहे हैं। इस साल के टूर्नामेंट में वह 4 मैचों में 169 रन बना चुके हैं, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 71.31 का ही था, वहीं उनके पार्टनर फकहर जमन ने 11.7.95 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। आज के दौर में एक क्रिकेट की स्ट्राइक रेट 80 से ऊपर तो होनी ही चाहिए।
महेंद्र सिंह धोनी: पूर्व भारतीय कप्तान पिछले कई वर्षों से क्रिकेट खेल रहे हैं। उन्हीं के नेतृत्व में भारत ने 2013 की चैम्पियंस ट्रॉफी जीती थी। 35 साल के धोनी शायद अगले टूर्नामेंट में नजर नहीं आएं। धोनी ने कई वर्ष पहले टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। इसके बाद उन्होंने वनडे और टी-20 टीम की कप्तानी भी छोड़ दी। इसके बाद यह मौका विराट कोहली को दिया गया। लेकिन फैन्स को उम्मीद है कि वह 2019 का विश्व कप जरूर खेलेंगे।