जब दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस खोजी गई तो वह भी नहीं मिली, इतना ही नही उन्हें पर एक भी स्ट्रेचर तक नहीं मिला। निजी वाहन से घर के लोग जब लालगंज पहुंचे तो वहां पूजा फर्श पर तड़पती रही, लेकिन यहां भी न एंबुलेंस थी अैर न ही डॉक्टर। मजबूर परिवार के लोग लड़की को गोद में उठाकर टेम्पो में लेकर प्रतापगढ़ भी पहुंचे, लेकिन वहां भी डाक्टर्स ने बालिका का इलाज नहीं किया।
वहीं, मध्यप्रदेश के सिधी जिले से 5 मई को मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई थी। जहां शव वाहन न मिलने के कारण मृतक के परिजनों को गुड़िया कोल (32) का शव अस्पताल से बल्ली के सहारे लगभग 3 किमी पैदल गांव तक ले जाना पड़ा।
जबकि, पंजाब के जालंधर में अस्पताल से शव के लिए एंबुलेंस कथित रूप से उपलब्ध नहीं होने के बाद निजी वाहन से शव ले जाने के लिए 400 रूपए नहीं होने के कारण एक व्यक्ति को अपने पिता का शव घर ले जाने के लिए रेहड़ी का सहारा लेना पड़ा था। यह घटना 11 मई की है।
गौरतलब है कि, हाल ही में कर्नाटक के शिवमोग्गा के सरकारी अस्पताल में स्ट्रेचर नहीं मिलने की वजह से एक मजबूर पत्नी को अपने बीमार पति को घसीटते हुए एक्स-रे कराने के लिए लेकर जाना पड़ा। लेकिन यह बहुत दुर्भाग्य की बात है कि किसी एक सरकारी अस्पताल में कोई स्ट्रेचर उपलब्ध ना होना वह अपने आप में एक बहुत बड़ी कमी की और दिखाता है।
देश और दुनिया को हिला देने वाली दाना मांझी की दर्दनाक कहानी को कैसे भूल सकते हैं। ओडिशा के कालाहांडी जिले के भवानीपटना में दाना मांझी नाम के व्यक्ति को अपनी पत्नी के शव को कंधे पर रखकर 12 किलोमीटर पैदल चलना पड़ा था। जिस अस्पताल में महिला की मौत हुई थी, उस अस्पताल ने कथित तौर पर शव ले जाने के लिए एंबुलेंस मुहैया कराने से इनकार कर दिया था। व्यक्ति के साथ उसकी 12 वर्षीय बेटी भी थी।
बता दें कि स्वास्थ्य सुविधाओं और सेवाओं के मामले में भारत अन्य कई देशों से काफी पीछे है। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में 195 देशों की सूची में भारत 154 वें स्थान पर है। देश में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं की इस हालत की पुष्टि एक अध्ययन के परिणामों से हो जाती है।
स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में भारत बांग्लादेश, चीन, भूटान और श्रीलंका समेत अपने कई पड़ोसी देशों से पीछे है। हाल ही में मेडिकल जर्नल ‘द लैनसेट’ में प्रकाशित ‘ग्लोबल बर्डेन ऑफ डिजीज स्टडी’ के अनुसार स्वास्थ्य सेवा से जुड़ी 195 देशों की सूची में भारत को 154वें स्थान मिला है।