मलावी : दक्षिण-पूर्वी अफ्रीकी देश मलावी में एक अजीबोगरीब परंपरा के तहत बच्चियों के साथ सेक्स करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। एरिक एनीवा नाम का यह शख्स HIV संक्रमित भी है। इस शख्स पर 100 से अधिक किशोरियों के साथ सेक्स करने का आरोप है। इनमें से कुछ बच्चियों की उम्र 12 से 13 साल की है। शख्स ने एक रस्म के तहत बच्चियों से सेक्स किया, जिसके लिए उसे उनके परिवार वालों ने पैसे भी दिए।
एनीवा मलावी के दक्षिणी जिले नीसांजे का रहने वाला है। उसे मीडिया को दिए गए इंटरव्यू में बच्चियों के साथ सेक्स करने की बात कबूल करने के बाद गिरफ्तार किया गया है। एनीवा ने मीडिया को बताया था कि बच्चियों के साथ सोने के लिए उसे उनके घरवालों ने 4 से 7 डॉलर तक का भुगतान किया।
दरअसल इस अफ्रीकी देश में एक रस्म है, जिसके तहत लड़कियों के परिपक्व होने यानी कि पहली माहवारी आने के बाद एक शख्स के साथ सेक्स करना पड़ता है। उस शख्स को ‘हायना’ कहते हैं। एरिक एनीवा ने ‘हायना’ के तौर पर ही बच्चियों के साथ सेक्स किया है। मलावी में इस रस्म को लड़कियों के ‘यौन शुद्धिकरण’ के तौर पर लिया जाता है।

पहली माहवारी के बाद लड़कियों के साथ सेक्स करने के लिए खुद उनके माता-पिता ही ‘हायना’ से रिक्वेस्ट करते हैं। इसके लिए ‘हायना’ को पैसे भी मिलते हैं। लड़कियों को अच्छी पत्नी बनाने और बीमारियों से बचाने के नाम पर मलावी में यह रस्म चली आ रही है।
डिस्ट्रिक्ट कमिश्नर लापोजो ने बताया कि एनीवा को सोमवार को गिरफ्तार किया गया है। पिछले हफ्ते बीबीसी को दिए एक इंटरव्यू में एनीवा ने स्वीकार किया था कि वह HIV संक्रमित है। साथ ही वह अबतक बिना किसी प्रोटेक्शन के 100 से अधिक लड़कियों के साथ सेक्स कर चुका है।एनीवा ने बताया था कि उसने ज्यादातर स्कूल जाने वाली लड़कियों के साथ संबंध बनाए थे। उनमें से कुछ की उम्र 12 से 13 साल थी, लेकिन वह अधिक उम्र की लड़कियों को तरजीह देता है। एनीवा ने बताया, ‘मुझे ‘हायना’ के रूप में पाकर सभी लड़कियां काफी खुश होती हैं। वे लोगों से कहती हैं कि एनीवा वास्तव में मर्द है। वह जानता है कि एक महिला को कैसे खुश किया जाता है।’
मलावी के राष्ट्रपति पीटर मुथारिका ने एनीवा को गिरफ्तार करने का आदेश दिया था। साथ ही इस पूरे मामले में लड़कियों के परिवारवालों की भूमिका की भी जांच के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि नुकसान पहुंचाने वाली परंपरा किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती।करीब 40 साल के एनीवा की दो पत्नियां हैं। एनीवा ने बताया कि ‘हायना’ का चुनाव समुदाय ही करता है और परंपरा के मुताबिक कॉन्डम के इस्तेमाल की इजाजत नहीं है। हालांकि ऐसा नहीं है कि सारी लड़कियां खुशी खुशी इस परंपरा को स्वीकार करती हैं। एक लड़की ने बताया कि इसके अलावा उसके पास कोई चारा नहीं था। अपने मां-बाप के लिए उसे ऐसा करना पड़ा।
मलावी में इस तरह की परंपरा की वजह से HIV संक्रमण की समस्या काफी बढ़ गई है। यहां हर 10 में से एक शख्स HIV संक्रमित है। अगर मलीवा अंडरएज सेक्स का दोषी पाया गया, तो उसे आजीवन कारावास भी हो सकता है।