गुजरात में छोटा उदेपुर के नासवाड़ी तालुका के एक गांव में एक 50 वर्षीय व्यक्ति के पालतू कुत्ते ने उसके गुप्तांगों को काट खाया। शुक्रवार को हुई इस घटना ने आसपास के लोगों को अजीब स्थिति में डाल दिया। कुत्ते के हमले में घायल हुआ व्यक्ति एक सब्जी विक्रेता है। घटना के वक्त वह घर में अकेला था। बाद में उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार रात वह कपड़े बदल रहा था तभी उसके डैकसंड नस्ल के पालतू कुत्ते ने हमला कर उसके गुप्तांगों पर काट लिया। जब उसकी पत्नी लौटी तो देखा कि वह फर्श पर पड़ा हुआ है। उसका काफी खून बह चुका था। पड़ोसियों की मदद से पत्नी उसे एक क्लिनिक में ले गई जहां गंभीर हालत के चलते उसे वडोदरा जाने को कहा गया। यहां वरासिया स्थित एक निजी अस्पताल में व्यक्ति को भर्ती कराया गया। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल उस पर आईसीयू में नजर रखी जा रही है। एक डॉक्टर ने कहा, ‘खून बहना रुक गया है लेकिन उनका ब्लड प्रेशर गिर गया है। एक बार यह सामान्य हो जाए तो रविवार या सोमवार को एक सर्जरी की जाएगी।’
पीड़ित के बेहोश होने की वजह से इस बात का अभी तक पता नहीं चल पाया है कि आखिर कुत्ते ने अपने मालिक को क्यों काटा। घटना के वक्त उसकी पत्नी अपने माता-पिता के यहां गई थी, जबकि बेटा दुकान पर था। हमलावर कुत्ता पिछले सात सालों से उनके यहां रह रहा था। सूत्रों ने बताया कि घटना के बाद से कुत्ते को घर में बंद कर दिया गया है।