नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय श्रम राज्यमंत्री और चार बार के सांसद तथा सपा नेता अशोक प्रधान के खिलाफ दिल्ली के मॉडल टाउन की रहने वाली एक महिला ने दुष्कर्म सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कराया है।
महिला ने ससुराल के अन्य लोगों पर प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर दिल्ली स्थित मॉडल टाउन पुलिस स्टेशन में जीरो एफआईआर दर्ज कर केस नोएडा के सेक्टर-24 पुलिस स्टेशन ट्रांसफर किया गया है।
महिला का आरोप है कि उसके ससुर और अशोक प्रधान उसके साथ 11 महीने तक रेप करते रहे। उसके पति ने भी उसके साथ अप्राकृतिक यौनाचार किया। पुलिस के मुताबिक, मॉडल टाउन (दिल्ली) की रहने वाली इस युवती की शादी 27 नवंबर 2014 को सेक्टर-33 में रहने वाले एक कारोबारी के बेटे से हुई।
युवती के अनुसार, रिश्ता अशोक प्रधान ने करवाया था। पीड़िता का आरोप है कि प्रधान ने उसके मायकों वालों की हत्या की धमकी भी दी। अशोक प्रधान का कहना है कि पारिवारिक विवाद में उन्हें घसीटा जा रहा है।