नई दिल्ली। एक अध्ययन के मुताबिक भारत में करीब 20 करोड़ लोग हाई ब्लड प्रेशर (उच्च रक्तचाप) के शिकार है और विश्व भर में इससे पीड़ित लोगों की तादाद बढ़कर 1.13 अरब तक पहुंच गई है।
इंपीरियल कॉलेज, लंदन के वैज्ञानिकों की अगुवाई में किये गये अध्ययन में पाया गया है कि दुनिया भर में पिछले 40 वर्षों में हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों की संख्या लगभग दोगुनी हो गई है।
द लैंसेट जर्नल में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार वर्ष 2015 के आंकड़े को देखें तो पता चलता है कि दुनिया भर में ब्लड प्रेशर से पीड़ित कुल लोगों में से आधे एशिया में रहते हैं। भारत के पड़ोसी देश चीन में करीब 22.6 करोड़ लोगों को हाई ब्लड प्रेशर है।
अनुसंधानकर्ताओं ने हर देश में वर्ष 1975 से 2015 के बीच ब्लड प्रेशर में आये अंतर का अध्ययन किया। उन्होंने साथ ही पाया कि वर्ष 2015 में अधिकतर देशों में महिलाओं की तुलना में अधिकतर पुरुष हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित हैं।
अध्ययन में करीब दो करोड़ लोगों के ब्लड प्रेशर के आंकड़ों को शामिल किया गया है। इन आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि उच्च आय वाले देशों में ब्लड प्रेशर में तेजी से गिरावट आई है, वहीं कई निम्न एवं मध्यम आय वाले देशों खासकर अफ्रीकी और दक्षिण एशियाई देशों में इसमें वृद्धि दर्ज की गयी है।
अध्ययन में कुछ अन्य कारण भी बताए गए जैसे-खान पान में लापरवाही, नमक का अत्यधिक सेवन, फल व सब्जियां न खाना, मोटापा, व्यायाम न करना तथा पर्यावरण प्रदूषण। ब्लड प्रेशर दिल के दौरे तथा ब्रेन स्ट्रोक का मुख्य कारण है।