आज से इंग्लैंड में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का आगाज होने जा रहा है। मिनी वर्ल्ड कप कहे जाने वाले इस महा मुकाबले में आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। डिफेंडिंग चैंपियन भारत और मजबूत ऑस्ट्रेलिया को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। हालांकि अंतिम रूप से विजेता कौन बनेगा, इसका पता 15 जून को ही चलेगा। दुनिया की आठ दिग्गज टीमें इस महा मुकाबले में जोर-आजमाइश करती नजर आएंगी। लेकिन सबसे ज्यादा निगाहें डिफेंडिंग चैंपियन भारत पर होंगी। कप्तान विराट कोहली के नेतृत्व में टीम इंडिया अपने दमदार प्रदर्शन को जारी रखने का प्रयास करेगी। वहीं दूसरी मजबूत टीम ऑस्ट्रेलिया, भारत की चुनौती को रोकने की कोशिश करेगी। हालांकि किसी भी टीम को कमतर नहीं आंका जा सकता। हालिया वर्षों में इंग्लैंड ने भी वनडे फॉर्मेट में जबर्दस्त प्रदर्शन किया है।
इस बार चैंपियंस ट्रॉफी में वेस्टइंडीज टीम क्वालीफाई नहीं कर पाई है। उसकी कमी जरूर खलेगी क्योंकि यदि वर्तमान स्थिति पर नजर डालें तो चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे अधिक लगातार सात मैच जीतने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के नाम है। विंडीज ने साल 2002 और 2006 के दौरान यह रिकॉर्ड बनाया था। अब टीम इंडिया के पास इस रिकॉर्ड को धराशायी करने का मौका है। टीम इंडिया ने साल 2009 से अब तक लगातार छह मैच जीते हैं।
4 जून को महामुकाबला
चार जून को बर्मिंघम में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच होने जा रहा है। इस मैदान पर टीम इंडिया और पाकिस्तान का रिकॉर्ड एक-एक की बराबरी पर है। जहां साल 2004 में बर्मिंघम के एजबेस्टन में पाक ने भारत को हराया था, वहीं 2013 में भारत ने पाक को हरा दिया था। उसे हराने में सफल रहा था।
ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें, तो इस मैदान पर टीम इंडिया का जीत का रिकॉर्ड शानदार है। भारत ने इस मैदान पर आठ मैच खेले हैं जिनमें से पांच में जीत और तीन में हार मिली है। इसके विपरीत पाकिस्तान का बर्मिंघम में रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। यहां उसे 11 वनडे में से मैच सात में उसे हार का सामना करना पड़ा है।