LOC के पार पीओके में आतंकवादियों के ठिकानों पर सेना के सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में अरविंद केजरीवाल की टिप्पणी को लेकर आज एक महिला ने दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन और आप के कुछ अन्य नेताओं पर जूता फेंका। हलांकि मंत्री जी को जूता लगा नहीं।
भावना अरोड़ा नामक एक महिला ने दोपहर बाद करीब सवा तीन बजे आयकर कार्यालय के बाहर आप नेताओं की कार पर एक चप्पल फेंकी। चप्पल उस गाड़ी पर लगी जिसमें स्वास्थ्य मंत्री आप नेताओं संजय सिंह और आशुतोष के साथ बैठे थे। कार के शीशे बंद थे। महिला ने जनवरी में केजरीवाल पर भी स्याही फेंकी थी। सत्येंद्र जैन आज आयकर विभाग के समक्ष पेश हुए और अधिकारियों ने कोलकाता स्थित कुछ कंपनियों के खिलाफ कर चोरी के मामले में उनसे तीन घंटे से भी ज्यादा देर तक पूछताछ की।
सत्येंद्र जैन की कार पर चप्पल फेंकने के बाद भावना अरोड़ा ने संवाददाताओं से कहा कि आम आदमी पार्टी भारतीय सेना से लक्षित हमले का सबूत कैसे मांग सकती है। क्या वे पाकिस्तान के एजेंट हैं। अरोड़ा आम आदमी सेना की सदस्य है जो आम आदमी पार्टी से अलग होकर बनी है। हालांकि इस घटना के बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में नहीं लिया।
सत्येंद्र जैन के आयकर विभाग के समक्ष पेश होने की जानकारी मिलने के बाद आम आदमी सेना के कार्यकर्ता आईपी एस्टेट स्थित केंद्रीय राजस्व भवन के पास एकत्र हुए थे जहां विभाग का कार्यालय है।