नई दिल्ली: कनॉट प्लेस के पांच सितारा होटल में सामूहिक दुष्कर्म की शिकार हुई अमेरिकी युवती ने दिल्ली पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। पिछले पांच दिनों से पुलिसकर्मियों के सवालों का जवाब दे-देकर परेशान हो चुकी पीड़िता ने कहा है कि वह दोबारा अकेले कभी भारत नहीं आएगी। यहां खूब दुष्कर्म की घटनाएं होती हैं और उसका निबटारा भी नहीं होता है।
कनॉट प्लेस में मीडियाकर्मियों से बातचीत में पीड़िता ने कहा कि उसके साथ होटल में दरिंदगी हुई। उसने दिल्ली पुलिस से शिकायत की बावजूद इसके उसके आरोपियों को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। दुष्कर्म के मामले में दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। बगैर इसके भारत की छवि नहीं बदलेगी। युवती ने कहा कि उसकी समझ के मुताबिक भारत में दुष्कर्म और पर्यटकों के खिलाफ होने वाले अपराध के लिए अभी काफी कुछ करने की जरूरत है। उसके मामले को दिल्ली पुलिस जिस प्रकार से हैंडल कर रही उससे वह संतुष्ट नहीं है। वह अप्रैल के पहले हफ्ते पर्यटक समूह के साथ भारत आई थी। तीन पर्यटक और दो होटल स्टाफ ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के वक्त उसके दिलो दिमाग में दहशत भर गई थी। वह इंसाफ चाहती है। ऐसा सिर्फ उसका दर्द नहीं है। दुष्कर्म एक वैश्विक मुद्दा बन चुका है। पुलिस को चाहिए कि आरोपियों को गिरफ्तार करे।