नई दिल्ली। दक्षिण गुजरात के वलसाड जिला स्थित उमरगांव तहसील के संजान गांव में शुक्रवार(30 सितंबर) की देर रात दो समुदायों के सदस्यों के बीच झड़प हो गई, जिसके बाद 44 लोग गिरफ्तार किए गए।
उमरगांव थाने के निरीक्षक जे जी माली ने बताया कि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए आंसूगैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया। भीड़ पथराव कर रही थी। उन्होंने बताया कि समस्या रात करीब दस बजे शुरू हुई जो करीब ढाई बजे तक चली। गांव में पुलिस सुरक्षा और गश्ती बढ़ा दी गयी है।
अधिकारी ने कहा कि ‘‘शुक्रवार दोपहर एक मोटरसाइकिल ने संजान चौराहे पर एक ने एक चारपहिये वाहन को टक्कर मार दी, जिसके बाद दो समुदायों के बीच कहासुनी हो गई। तब स्थिति काबू कर लिया गया था, लेकिन देर रात दोनों समुदायों के लोग फिर भिड़ गए एवं एक दूसरे पर पथराव करने लगे।’’ भीड़ ने पुलिस पर भी हमला किया एवं पुलिस वाहन को नुकसान पहुंचाया।
माली ने बताया कि हमने प्राथमिकी दर्ज की और शनिवार को 44 लोगों को गिरफ्तार किया। वे नवसारी जेल भेजे गए हैं।