पंजाब में आगामी चुनावों को लेकर जोड़-तोड़ का खेल जोरों पर है, बीजेपी का दामन छोड़ कर अपनी नई पार्टी बनाने वाले सिद्धू को कांग्रेस ने एक बढ़िया ऑफर दिया है। कांग्रेस ने सिद्धू से वादा किया है कि अगर पंजाब में पार्टी सत्ता में आई तो सिद्धू को डिप्टी सीएम की कुर्सी सौंप दी जाएगी। यही नहीं कांग्रेस सिद्धू के फ्रंट को 13 विधानसभा सीट भी दे सकती है।
गौरतलब है कि बीजेपी के पूर्व नेता सिद्धू ने अब आवाज-ए-पंजाब नाम से फ्रंट बनाया है। कांग्रेस ने सिद्धू को अपने साथ करने की कोशिश में यह ऑफर दिया है।
हालांकि, सिद्धू यह ऑफर स्वीकार करेंगे या नहीं, यह कुछ और बातों पर निर्भर करेगा। पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह इस ऑफर से खुश नहीं माने जा रहे हैं। उनकी राय है कि आवाज-ए-पंजाब का कांग्रेस में विलय कर दिया जाए।
पंजाब चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस हर संभव कोशिश कर रही है। पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू से जुड़े सूत्रों ने कहा है कि कांग्रेस ने सिद्धू को बताया है कि वे चुनाव जीतने पर नंबर-2 का पद देना चाहते हैं। कांग्रेस के सूत्रों ने भी इस बात की पुष्टि की है।