दलितों पर अत्याचार का नया वाकया बरेली का है।यहां एक नाबालिग दलित लड़के के पिता ने पुलिस में शिकायत की है कि उनके बेटे को बांधकर पीटा गया और फिर उसे जबरन पेशाब पिलाया गया। आरोप है कि इलाके के एक प्रभावी गंगवार परिवार की बेटी का नाबालिग के साथ प्रेम संबंध था। नाबालिग दलित समुदाय से ताल्लुक रखता है।
पुलिस के मुताबिक यह घटना 4 अगस्त को हाफिजगंज पुलिस थाने में पड़ने वाले अहमदाबाद गांव में हुई। पीड़ित नाबालिग जब दवा की दुकान पर जा रहा था, तभी 5 लोगों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने कथित तौर पर पहले उसकी पिटाई की और फिर पीड़ित युवक को घसीटते हुए अपने घर के अंदर ले गए। वहां उसे बांधकर कथित तौर पर जबरन पेशाब पिलाया। पीड़ित के परिवार का यह भी आरोप है कि उन्होंने पहले भी एक FIR लिखवाने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें सहयोग देने से इनकार कर दिया।
बुधवार को पीड़ित के पिता ने स्थानीय SP यमुना प्रसाद से संपर्क किया। SP ने पुलिस को मामले की जांच का आदेश दिया है। उधर हाफिजगंज थाने के प्रभारी धर्मेंद सिंह का कहना है, ‘4 अगस्त को हमने पीड़ित को आरोपियों के घर से बचाया। लड़की के परिवार वालों का आरोप था कि उन्होंने लड़के को अपने घर में घुसने की कोशिश करते हुए पकड़ा। उस समय कोई FIR दर्ज नहीं कराई गई और दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया। लड़का इंटरमीडिएट का छात्र है। उसका उस लड़की के साथ प्रेम संबंध था। लड़की के परिवार को इस रिश्ते से एतराज था और उन्होंने गुस्से में आकर लड़के की पिटाई कर दी।’
इसे भी पढ़िए- जिसे कोई नहीं मानता, वो सच अरूण जेटली जानते हैं, पढ़िए नेता जी के बारे में क्या कहा
सर्कल अधिकारी इंदू प्रभा सिंह ने बताया, ‘गुरुवार को हम उस गांव में गए और मामले की जांच की। हालांकि पीड़ित नाबालिग के शरीर पर चोट के निशान हैं, लेकिन उसे पेशाब पिलाए जाने के आरोप की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है।’ पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया है।