मुंबई के टाटा ग्रुप के मुख्यालय बॉम्बे हाउस के बाहर शुक्रवार को सुरक्षाकर्मियों ने फोटोग्राफरों से मारपीट की। फोटोग्राफर बॉम्बे हाउस के अंदर जाने वाले और बाहर निकलने वालों की तस्वीर लेने के लिए खड़े थे। तभी सुरक्षाकर्मियों ने उन पर हमला कर दिया। इसमें तीन पत्रकार घायल हो गए। घायल होने वाले पत्रकार हिंदुस्तान टाइम्स, मिड-डे और टाइम्स ऑफ इंडिया के हैं। घायल पत्रकारों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पत्रकारों और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई मारपीट के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। फोटोग्राफर तिमाही प्रगति समीक्षा बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की तस्वीर क्लिक करने की कोशिश कर रहे थे। सुरक्षाकर्मियों ने फोटोग्राफरों को मिस्त्री के नजदीक नहीं आने दिया। इस दौरान दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इसमें मीडियाकर्मियों के कैमरों और अन्य सामान को नुकसान भी पहुंचा।
घटना के बाद टाटा सन्स के प्रवक्ता ने माफी मांगी। प्रवक्ता ने कहा, ‘जब कुछ डायरेक्टर बॉम्बे हाउस में घुस रहे थे, तभी हमारा एक सुरक्षाकर्मी नीचे गिर गया। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों को गुस्सा आ गया, जोकि नहीं होना चाहिए था। हम इसके लिए माफी मांगते हैं।’
बता दें, 24 अक्टूबर को साइरस मिस्त्री को टाटा ग्रुप के चेयरमैन पद से दिया गया था। इसके बाद से टाटा ग्रुप चर्चा में बना हुआ है। साइरस मिस्त्री को हटाए जाने के बाद रतन टाटा को अंतरिम चेयरमैन बनाया गया है।