नई दिल्ली : पिछले 25 साल से भाजपा के लिए जी-जान लगाने वालीं पूर्वाचली चेहरा पूनम आजाद शीघ्र ही आप (आम आदमी पार्टी) में शामिल हो सकती हैं।, पूनम , कीर्ति आजाद की पत्नी हैं। आप से जुड़े सूत्रों का कहना है कि इसके लिए जमीन तैयार हो चुकी है बस घोषणा शेष है, जिसमें दो या तीन दिन लग सकते हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने भाजपा को छोड़ने का मन बना लिया है, लेकिन पार्टी उन पर दबाव बना रही है।
‘आप’ पूनम को शामिल कर एक तीर से दो निशाना साधना चाहती है। पार्टी दिल्ली में आगामी निगम चुनाव में पूनम को आगे कर पूर्वाचली मतदाताओं को जोड़ने और पंजाब में राजनीतिक लाभ उठाने की तैयारी में है। रणनीतिकारों का मानना है कि दिल्ली और पंजाब में बड़ी संख्या में बिहार के मिथिला क्षेत्र के लोग रहते हैं। ये लोग बिहार में विभिन्न प्रकार की परेशानियां उठाते हुए रोजगार के लिए दिल्ली और पंजाब पहुंचे हैं। उनके बीच पूनम की काफी पैठ है। भाजपा भी दिल्ली में विभिन्न चुनावों में पूनम को पूर्वाचली चेहरे के रूप में प्रचार में उतारती रही है। इसे देखते हुए आप पूनम के पार्टी में शामिल होने को लेकर दिल्ली और पंजाब में प्रेस कांफ्रेंस कराने की योजना बना रही है। पूनम झा आजाद और उनके पति कीर्ति आजाद 25 साल से भाजपा से जुड़े हैं। कीर्ति आजाद दरभंगा से सांसद हैं। पूनम इस समय भाजपा प्रदेश प्रवक्ता हैं। इससे पहले दिल्ली प्रदेश भाजपा की उपाध्यक्ष भी रही हैं। बहरहाल आप पूनम को पार्टी में शामिल कराकर बड़ा दांव खेलने की तैयारी में है। बताया जा रहा है कि पंजाब से ताल्लुक रखने वाला भाजपा का एक बड़ा नेता भी आप में शामिल हो सकता है।